टुकेश्वर लोधी, आरंग। नेशनल हाईवे-53 पर आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां महासमुंद से रायपुर की ओर जा रही जैन ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार लगभग 40 यात्रियों में से कई लोग घायल हुए हैं। दो की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने हुई। बस की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही बस थाने के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे डिवाइडर में लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बीच सड़क पर ही पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।


घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा रेफर किया गया। अन्य यात्रियों को पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के तुरंत बाद मौके का फायदा उठाकर बस चालक और कंडक्टर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार स्टाफ की तलाश शुरू कर दी है।
बलरामपुर: ट्रक की टक्कर से शिक्षिका की मौत
बता दें कि आज सुबह बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर भी सड़क हादसा हुआ, जहां स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में स्कूटी सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं अपने विद्यालय करमडीहा स्कूल के लिए स्कूटी से निकली थीं। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल शिक्षिका को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनागर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतक और घायल दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्कूल में पदस्थ थीं। घटना की खबर मिलते ही स्कूल स्टाफ और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

