रायपुर। 20 जुलाई 2026 को दिल्ली में CJP के नेतृत्व में हुए ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद गहरा गया है। महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में जीशान सिद्दीकी और भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा और संजय बघेल के खिलाफ रायपुर और बलौदाबाजार के अलग-अलग थानों में शिकायत की है। साथ ही दोनों नेताओं के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है।

पहली शिकायत
शिकायतकर्ता जीशान सिद्दीकी ने सिविल लाइन थाना, रायपुर में दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा ने पत्रकार मोहन तिवारी की फेसबुक पोस्ट पर आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी की। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त टिप्पणी न केवल महिलाओं के सम्मान एवं गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है और समाज में अशोभनीय एवं आपत्तिजनक संदेश भी प्रसारित करती है। शिकायत में आईटी एक्ट की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294, 356 (मानहानि) और 197/353 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।

दूसरी शिकायत
इसके अलावा बलौदाबाजार सिटी कोतवाली में भाजयुमो ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा शहर के प्रभारी महामंत्री एवं पूर्व पार्षद संजय बघेल पर भी पत्रकार मोहन तिवारी की फेसबुक पोस्ट पर महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में संजय बघेल के खिलाफ भी आईटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।

दोनों शिकायतों में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस ने शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


