राकेश चतुर्वेदी, डबरा/भोपाल। मध्य प्रदेश के डबरा शहर के रहने वाले प्रसिद्ध टीवी अभिनेता व पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई हैदराबाद की गाछीबोवली थाना पुलिस की ओर से दर्ज एक संगीन मामले के तहत की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, सौरव गुर्जर पर एक 29 वर्षीय महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण, मानसिक उत्पीड़न और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।

इंस्टाग्राम से हुई थी पहचान

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए उनकी पहचान सौरव गुर्जर से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और सौरव ने शादी का वादा कर उनके साथ संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि सौरव के कहने पर उन्होंने अमेरिका में अपनी अच्छी-खासी नौकरी छोड़ दी। दोनों अमेरिका और भारत में साथ भी रहे, लेकिन कुछ समय बाद सौरव ने उनसे दूरियां बनानी शुरू कर दीं और उनका नंबर ब्लॉक कर गायब हो गए।

ये भी पढ़ें: जबलपुर में हनी ट्रैप का भंडाफोड़: पीछा छोड़ने के लिए 7 लाख में की थी डील, युवती को ढाई लाख कैश के साथ रंगे हाथों दबोचा

लुकआउट नोटिस के तहत मुंबई एयरपोर्ट पर दबोचा

महिला की शिकायत पर गाछीबोवली पुलिस ने मामला दर्ज कर सौरव गुर्जर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। 20 सितंबर को जैसे ही सौरव विदेश से मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे, इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और हैदराबाद पुलिस को सूचित किया। इसके बाद गाछीबोवली पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और सौरव को गिरफ्तार कर हैदराबाद ले गई। अदालत में पेश किए जाने के बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: कटनी में स्पा सेंटर पर छापा: 10 महिलाएं समेत 16 हिरासत में, आपत्तिजनक सामग्री-शराब की बोतलें बरामद

गौरतलब है कि सौरव गुर्जर स्टार प्लस के प्रसिद्ध धारावाहिक ‘महाभारत’ में भीम का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए थे। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ और अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध रेसलिंग लीग WWE में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। डबरा के स्थानीय कलाकार के इस तरह आपराधिक मामले में फंसने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m