Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (13 अगस्त 2026) की खबरों में अल-कायदा ने कराया था दिल्ली लाल किला के पास हमला, एयर इंडिया टर्बुलेंस उड़ान के दौरान आधे घंटे सोया पायलट, CM रेखा गुप्ता ने 1,368 नए शिक्षकों को बांटे नियुक्ति पत्र, स्वाति मालीवाल बोलीं- बच्चे हो रहे निकोटीन के शिकार प्रमुख रहा।

अल-कायदा ने कराया था दिल्ली लाल किला के पास हमला
UN Report On Delhi Red Fort Blast: दिल्ली लाल किला ब्लास्ट-2025 केस में अबतक का सबसे बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली लाल किला के पास हमला आंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन अल-कायदा (al-Qaeda) ने कराया था। संयुक्त राष्ट्र (UN) की ताजा रिपोर्ट में यह बड़ा दावा किया गया है।यूएन ने इस आतंकी हमले के लिए ‘अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट’ (AQIS) को जिम्मेदार ठहराया है।

एयर इंडिया टर्बुलेंस उड़ान के दौरान आधे घंटे सोया पायलट
एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली A320 फ्लाइट में आए टर्बुलेंस मामले की जांच के बीच एक नया दावा सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच के दौरान संबंधित पायलट ने स्वीकार किया है कि वह उड़ान के दौरान करीब आधे घंटे तक सो गया था। यह दावा पहले से चल रही उस जांच के बीच सामने आया है, जिसमें पायलट पर कथित रूप से नशे की हालत में विमान उड़ाने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ के दौरान पायलट ने जांच अधिकारियों को बताया कि वह निजी कारणों और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। इसी वजह से उसे लंबे समय से पर्याप्त नींद नहीं मिल पा रही थी और नींद से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। पायलट ने कथित तौर पर कहा कि इसी कारण उड़ान के दौरान वह कुछ समय के लिए सो गया।

CM रेखा गुप्ता ने 1,368 नए शिक्षकों को बांटे नियुक्ति पत्र
दिल्ली के सरकारी स्कूलों को शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1,368 नव-नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल नौकरी तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करने वाला मार्गदर्शक होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी देश की प्रगति की नींव होती है और शिक्षक उस नींव को मजबूत बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्वाति मालीवाल बोलीं- बच्चे हो रहे निकोटीन के शिकार
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) ने संसद के उच्च सदन में ई-सिगरेट (e-cigarettes) और वेपिंग के बढ़ते चलन को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रंग-बिरंगी डिजाइन और विभिन्न फ्लेवर में उपलब्ध छोटी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बच्चों और युवाओं को आकर्षित कर रही हैं, जिसके कारण वे कम उम्र में ही निकोटिन के संपर्क में आ रहे हैं। राज्यसभा में अपनी बात रखते हुए मालीवाल ने कहा कि ई-सिगरेट और वेपिंग डिवाइस को आधुनिक और सुरक्षित विकल्प के रूप में पेश किया जाता है, लेकिन वास्तव में ये युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आकर्षक पैकेजिंग और फ्लेवर की वजह से बड़ी संख्या में किशोर और छात्र इन उत्पादों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली सरकार की नई पहल: दिल्ली सरकार की महिलाओं के लिए चलाई जा रही 2500 रुपये मासिक सहायता योजना के बीच अब निर्माण श्रमिक परिवारों के लिए भी एक महत्वपूर्ण योजना चर्चा में है। दिल्ली भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड (DBOCWWB) की ओर से बच्चों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। शिक्षा सहायता योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना होगा, ताकि वे इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। (पढ़े पूरी खबर)
साइकिल खरीद में बड़ा घोटाला: आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली सरकार की छात्राओं को साइकिल वितरण योजना को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी ने दावा किया है कि साइकिल खरीद में भारी अनियमितता हुई है और सरकार ने बाजार मूल्य से कहीं अधिक कीमत पर साइकिलें खरीदी हैं। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एक सरकारी साइकिल और बाजार से खरीदी गई एक रिटेल साइकिल मीडिया के सामने पेश की। उन्होंने दावा किया कि दोनों साइकिलें देखने और गुणवत्ता के लिहाज से लगभग एक जैसी हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में अवैध निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों, झुग्गी-बस्तियों और निर्माण कार्यों को अस्थायी सुरक्षा देने वाले कानूनों की समय-सीमा बार-बार बढ़ाए जाने पर चिंता जताई है। अदालत ने कहा कि ऐसी व्यवस्था ने दिल्ली के प्रशासन में “अस्थायी प्रबंधन” की संस्कृति को बढ़ावा दिया है, जिसका असर यमुना नदी (Yamuna River) के किनारों से अतिक्रमण हटाने जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर पड़ सकता है। बुधवार को सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत यमुना नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए एक व्यापक यमुना एक्शन प्लान (YAP) तैयार करने से संबंधित मामले पर विचार कर रही थी। (पढ़े पूरी खबर)
बलात्कार को जेंडर-न्यूट्रल अपराध बनाने की मांग: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने यौन अपराधों से जुड़े भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रावधानों को जेंडर न्यूट्रल (gender-neutral) बनाने की मांग वाली जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई की है। याचिका में मांग की गई है कि बलात्कार जैसे गंभीर यौन अपराधों के मामलों में पीड़ित की पहचान केवल महिला तक सीमित न रहे, बल्कि पुरुष और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को भी समान कानूनी संरक्षण मिले। याचिका में दलील दी गई है कि मौजूदा कानूनी व्यवस्था में यौन अपराधों को लेकर पीड़ितों और आरोपियों के लिंग के आधार पर अलग-अलग प्रावधान हैं। ऐसे में कानून में बदलाव कर सभी पीड़ितों के लिए समान सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। (पढ़े पूरी खबर)
CBI की चुनौती के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचे केजरीवाल: दिल्ली आबकारी नीति घोटाला (excise policy case) मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में आवेदन दायर कर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की पुनरीक्षण याचिका का विरोध किया है। यह मामला उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें निचली अदालत ने केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodiya) समेत अन्य आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया था। दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने आबकारी नीति मामले में आरोपियों को राहत देते हुए उन्हें आरोपमुक्त किया था। अदालत ने उपलब्ध रिकॉर्ड, दस्तावेजों और जांच एजेंसियों द्वारा प्रस्तुत सामग्री का परीक्षण करने के बाद यह आदेश पारित किया था। (पढ़े पूरी खबर)
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली मेट्रो की खास व्यवस्था: स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले विशेष अतिथियों, आमंत्रितों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने 15 अगस्त के लिए विशेष व्यवस्था की है। स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएंगी। यह सेवा डीएमआरसी नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से उपलब्ध होगी। (पढ़े पूरी खबर)
650 करोड़ घोटाले की जांच पर स्वास्थ्य मंत्री सख्त: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कथित दवा, सर्जिकल सामग्री और मेडिकल उपकरणों की खरीद से जुड़े मामले की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग के जवाब पर असंतोष जताया है। मंत्री ने स्वास्थ्य सचिव के माध्यम से भेजे गए जवाब को अपर्याप्त बताते हुए विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट दोबारा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 12 अगस्त 2026 को जारी अपने पत्र में डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी आरोपों और जांच से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट करने में विफल रही है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली को मिलेगा एक और स्काईवॉक: पूर्वी दिल्ली के व्यस्त निर्माण विहार ट्रैफिक सिग्नल पर पैदल यात्रियों की सुविधा और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने स्काईवॉक (Skywalk) बनाने की योजना तैयार की है। प्रस्तावित स्काईवॉक का डिजाइन इस तरह बनाया जाएगा कि विकास मार्ग और पटपड़गंज रोड पर आने-जाने वाले पैदल यात्री तथा सड़क पार करने वाले लोग आसानी से इसका उपयोग कर सकें। परियोजना को अंतिम रूप देने से पहले PWD क्षेत्र का ड्रोन सर्वे कराएगा। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


