Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (31 जुलाई 2026) की खबरों में CM रेखा गुप्ता लॉन्च की ‘विद्या वाहिनी’ योजना, अभिजीत दीपके बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से नहीं संतुष्ट, दिल्ली लक्ष्मी योजना की रकम पर होगी निगरानी! रुचिका सिंह के समर्थन में उतरे सौरव दास प्रमुख रहा।

CM रेखा गुप्ता लॉन्च की ‘विद्या वाहिनी’ योजना
Delhi Vidya Vahini Scheme: दिल्ली सरकार छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और स्कूल छोड़ने की समस्या को कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) आज ‘विद्या वाहिनी’ योजना (‘Vidya Vahini’ scheme) का शुभारंभ करेंगी। इस योजना के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्राओं को मुफ्त साइकिलें प्रदान की जाएंगी। सरकार का मानना है कि कई छात्राओं को स्कूल आने-जाने में दूरी और परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ‘विद्या वाहिनी’ योजना के जरिए छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का साधन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।

अभिजीत दीपके बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से नहीं संतुष्ट
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक चले आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का हौसला बढ़ गया है। NEET पेपर लीक मामले में छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने वाले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Dipke ) ने अब सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर सरकार ने अपने काम करने के तरीके में बदलाव नहीं किया तो छात्र आने वाले समय में सरकार बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करना किसी भी सरकार के लिए चुनौती बन सकता है।

दिल्ली लक्ष्मी योजना की रकम पर होगी निगरानी!
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ (Delhi Lakshmi Yojana) को लेकर नई जानकारी सामने आई है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, लेकिन सरकार इस राशि के उपयोग को लेकर कुछ प्रतिबंध भी लगाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एक ‘नेगेटिव लिस्ट’ तैयार किए जाने पर विचार किया जा रहा है। योजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, लाभार्थी महिलाओं को मिलने वाली राशि का उपयोग शराब, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट जैसे नशे से जुड़े उत्पादों की खरीदारी या ऑनलाइन जुए जैसी गतिविधियों में नहीं करने दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक सहायता का उपयोग परिवार के कल्याण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक जरूरतों पर हो।

रुचिका सिंह के समर्थन में उतरे सौरव दास
जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में रुचिका सिंह के खिलाफ दर्ज जीरो FIR का मामला अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बनता जा रहा है। इस मामले में अब सौरव दास (Saurabh Das) खुलकर रुचिका सिंह (Ruchika Singh) के समर्थन में सामने आए हैं। सौरव दास ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि 25 वर्षीय एक युवती के खिलाफ आपराधिक कानूनों का इस्तेमाल करना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
जंतर-मंतर विवाद के बीच CM रेखा गुप्ता का बयान: NEET-UG परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर हुए प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने घोषणा की है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों में कोई प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि यह राहत उन व्यक्तियों को नहीं मिलेगी जिनका आपराधिक रिकॉर्ड या आपराधिक पृष्ठभूमि है। सरकार के इस फैसले को NEET-UG मुद्दे को लेकर आंदोलन में शामिल छात्रों और प्रदर्शनकारियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। पिछले कई सप्ताह से राजधानी में इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन, धरना और मार्च आयोजित किए गए थे। (पढ़े पूरी खबर)
जंतर-मंतर हिंसा पर पुलिसकर्मियों के परिजनों का छलका दर्द : राजधानी दिल्ली में हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिवारों का दर्द अब सामने आया है। हिंसा में गंभीर रूप से घायल हुए जवानों के परिजनों ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अपने अनुभव साझा किए और घटना को लेकर गहरी चिंता जताई। (पढ़े पूरी खबर)
Pink Saheli Smart Card: दिल्ली की महिला यात्रियों के लिए अहम खबर है। राजधानी में 1 अगस्त 2026 से DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनके पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा। दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त से पिंक टिकट जारी करने की व्यवस्था बंद कर दी जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली सरकार की सख्ती: दिल्ली सरकार ने विकासपुरी स्थित एक निजी स्कूल के प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शिक्षा निदेशालय (DoE) द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में स्कूल में छात्रों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर खतरे, वित्तीय अनियमितताएं और प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए हैं। निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर तथ्य यह पाया गया कि स्कूल बिना अग्नि सुरक्षा स्वीकृति (फायर NOC) के 43 कक्षाओं का संचालन कर रहा था। शिक्षा निदेशालय ने इसे छात्रों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बताते हुए स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा है। (पढ़े पूरी खबर)
पालम अग्निकांड: दिल्ली के पालम इलाके में 18 मार्च को हुए भीषण अग्निकांड, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी, को लेकर मजिस्ट्रेट जांच की रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में हादसे के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली फायर सर्विस (Fire Department ) की गंभीर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया गया है। साथ ही जांच में इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली और तकनीकी दक्षता पर भी सवाल उठाए गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)
अब प्रॉपर्टी की होगी यूनिक पहचान: Property Aadhaar Card: दिल्ली में अब हर मकान और जमीन की एक अलग पहचान होगी। दिल्ली सरकार जल्द ही ‘लैंड रिकॉर्ड बिल 2026’ लाने जा रही है, जिसके तहत राजधानी की सभी संपत्तियों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराया जाएगा और प्रत्येक प्रॉपर्टी के लिए एक यूनिक पहचान ( unique identity) पत्र यानी ‘प्रॉपर्टी आधार कार्ड'(Property Aadhaar Card) तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली के भूमि और संपत्ति रिकॉर्ड को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। इसके लिए शहर की हर जमीन और मकान का आधुनिक तकनीक की मदद से सर्वेक्षण किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


