Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (27 जुलाई 2026) की खबरों में दिल्ली में सजा कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस का महाकुंभ, NEET आंदोलन के बाद अब पेट्रोल के लिए लड़ाई होगी, PM मोदी से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो मामले में पुलिस एक्टिव, E20 पेट्रोल के खिलाफ दिल्ली में ट्रांसपोर्ट संगठनों का हल्ला बोल प्रमुख रहा।

दिल्ली में सजा कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस का महाकुंभ
22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 (Commonwealth Table Tennis Championship)के आगाज से एक दिन पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने राजधानीवासियों से इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने लोगों से स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और मुकाबलों का लाइव रोमांच देखने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के लिए यह गर्व का अवसर है कि उसे कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में विभिन्न देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और दिल्लीवासियों की मौजूदगी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

NEET आंदोलन के बाद अब पेट्रोल के लिए लड़ाई होगी
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद अब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। केजरीवाल ने पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिश्रण (E20) की नीति का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री से इस मुद्दे पर समाधान निकालने की मांग की है। इसी मुद्दे को लेकर अरविंद केजरीवाल ने शनिवार, 1 अगस्त को दिल्ली में एक टाउनहॉल कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। इस कार्यक्रम में वह इथेनॉल मिश्रण से जुड़े सवालों और आम लोगों पर इसके संभावित प्रभावों को लेकर अपनी बात रखेंगे।

PM मोदी से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो मामले में पुलिस एक्टिव
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के खिलाफ कथित तौर पर बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए ऐसे कंटेंट को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। जानकारी के अनुसार, पेपर लीक विरोधी प्रदर्शन के दौरान और खासकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद हुए जश्न के समय कुछ वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए थे, जिनमें प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।

IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में दोषियों के लिए फांसी की मांग
2020 के दिल्ली दंगों के दौरान आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में दोषियों की सजा पर सोमवार को कड़कड़डूमा कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान राज्य की ओर से पेश विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडे ने अदालत से सभी दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग की। अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा कि जिस तरह से अंकित शर्मा की हत्या की गई, वह बेहद क्रूर और अमानवीय थी।
E20 पेट्रोल के खिलाफ दिल्ली में ट्रांसपोर्ट संगठनों का हल्ला बोल
दिल्ली के ट्रांसपोर्ट संगठनों ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E20 ईंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में विभिन्न परिवहन संगठन आगामी 4 अगस्त को संसद की ओर मार्च निकालेंगे। संगठनों की प्रमुख मांग है कि सरकार E20 ईंधन को अनिवार्य करने के फैसले पर पुनर्विचार करे और इसे वापस लिया जाए।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग को मिला नया अध्यक्ष: दिल्ली सरकार ने दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग में नई नियुक्तियों का ऐलान किया है। सरकार ने निर्मल जैन (Nirmal Jain) को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को आयोग का सदस्य बनाया गया है। सरकार के अनुसार, ये नियुक्तियां समाज के सभी वर्गों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। सरकार का मानना है कि नए नेतृत्व के साथ आयोग अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मुद्दों का प्रभावी ढंग से समाधान करने और उनकी समस्याओं के निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट ने पलटा MACT का फैसला: दिल्ली हाई कोर्ट ने राजधानी में वर्ष 2015 में हुए एक सड़क हादसे से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ पर सो रहे लोगों को तेज रफ्तार ट्रक से कुचलने की घटना में पूरी लापरवाही ट्रक चालक की थी। हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि सड़क किनारे या फुटपाथ पर सो रहे लोगों को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। ऐसे मामलों में वाहन चालक का दायित्व है कि वह पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ वाहन चलाए, ताकि किसी भी व्यक्ति की जान खतरे में न पड़े। (पढ़े पूरी खबर)
DTC का पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बना ऑल-इन-वन कार्ड: दिल्ली की DTC बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने वाला पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अब केवल बस यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा। इस कार्ड का इस्तेमाल डेबिट कार्ड (Debit Card) की तरह भी किया जा सकेगा। यानी कार्डधारक महिलाएं इससे मॉल, दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर खरीदारी भी कर सकेंगी। दिल्ली सरकार के अनुसार, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को मल्टी-यूटिलिटी कार्ड के रूप में विकसित किया गया है, ताकि महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन के साथ-साथ डिजिटल भुगतान की सुविधा भी मिल सके। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए इच्छुक महिलाओं को DTC द्वारा अधिकृत बैंक की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र महिलाओं को यह स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में दाखिले का इंतजार कर रहे हजारों छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। यदि आप भी इस वर्ष अंडरग्रेजुएट (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर चुके हैं, तो आपके लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। विश्वविद्यालय ने अंडरग्रेजुएट कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) 2026 के दूसरे राउंड के प्रवेश कार्यक्रम में कुछ अहम बदलाव किए हैं। संशोधित कार्यक्रम के तहत दूसरे राउंड में सीट आवंटित होने वाले उम्मीदवारों को अब नए टाइमटेबल के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों से अपील की है कि वे संशोधित शेड्यूल को ध्यान से देखें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि किसी भी तरह की चूक के कारण उनका प्रवेश प्रभावित न हो। (पढ़े पूरी खबर)
जुनैद का आरोप- पुलिस ने उठाया: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को भोजन और पानी उपलब्ध कराने वाले मोहम्मद जुनैद ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जुनैद का दावा है कि शुक्रवार रात कुछ लोगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताते हुए उन्हें और उनके एक साथी को हिरासत में लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान उनकी आंखों पर पट्टी बांधी गई और पूरी रात उन्हें अंधेरे में रखा गया। बाद में उन्हें मसूरी में छोड़ दिया गया। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


