दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (21 मई 2026) की खबरों में CM रेखा गुप्ता की पहल: सड़कों पर लगेगी स्मार्ट LED लाइट, अब 2.5 लाख सालाना आय वालों का भी बनेगा राशन कार्ड, इस सीजन का पहला हीटस्ट्रोक केस, दिल्ली-NCR में महा-हड़ताल से यातायात ठप, राघव चड्ढा ने खटखटाया दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा प्रमुख रहा।

CM रेखा गुप्ता की पहल: सड़कों पर लगेगी स्मार्ट LED लाइट

दिल्ली की सड़कों को अब आधुनिक और ऊर्जा-कुशल रोशनी से जगमगाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति (EFC) की हाइब्रिड बैठक में एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई, जिसके तहत राजधानी की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को पूरी तरह स्मार्ट LED प्रणाली में बदला जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 473.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों पर लगी करीब 96 हजार स्ट्रीट लाइटों (Street lights) को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट LED लाइटों से बदला जाएगा।

पढ़े पूरी खबर…..

अब 2.5 लाख सालाना आय वालों का भी बनेगा राशन कार्ड

दिल्ली सरकार राशन कार्ड योजना के दायरे को और व्यापक बनाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने प्रेसवार्ता में बताया कि राशन कार्ड (Ration Card) के लिए परिवार की वार्षिक आय सीमा बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले ही राशन कार्ड के लिए आय सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.20 लाख रुपये वार्षिक की गई थी। अब सरकार इसे बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये वार्षिक करने की तैयारी कर रही है। सरकार का मानना है कि आय सीमा बढ़ने से अधिक जरूरतमंद परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और सस्ते राशन योजना का लाभ उठा सकेंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

इस सीजन का पहला हीटस्ट्रोक केस

दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज लू (Heat Wave) और झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा। सफदरजंग (Safdarjung) में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक था। वहीं पालम (Palam) में तापमान 44.9 डिग्री तक पहुंच गया।  इसके अलावा लोधी रोड, रिज और अयानगर में भी तापमान 44.5 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे पूरे दिल्ली-NCR क्षेत्र में गर्मी अपने चरम पर हैं.

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली-NCR में महा-हड़ताल से यातायात ठप

देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आने वाले तीन दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। दिल्ली में दो बड़े ट्रांसपोर्ट संगठनों ने संयुक्त रूप से चक्का जाम (Mega-Strike) का ऐलान किया है, जिसका सीधा असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ने की आशंका है। 21 मई से 23 मई तक दिल्ली में ऑटो, टैक्सी (auto-taxi) और माल ढोने वाले भारी ट्रकों का संचालन पूरी तरह प्रभावित रहेगा। इस दौरान सड़कों पर इन वाहनों की आवाजाही लगभग ठप रहने की संभावना जताई जा रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

राघव चड्ढा ने खटखटाया दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा (Raghav Chadda) ने अपनी पर्सनैलिटी और डिजिटल पहचान के संभावित दुरुपयोग को लेकर चिंता जताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) का रुख किया है। उनका कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) या किसी भी तरह की डिजिटल छेड़छाड़ के जरिए उनके खिलाफ भ्रामक या फर्जी कंटेंट फैलाए जाने का खतरा है। इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने अदालत से हस्तक्षेप की मांग की है ताकि उनकी छवि और पहचान का गलत इस्तेमाल रोका जा सके। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम प्रसाद के समक्ष होने की संभावना है। चड्ढा का कहना है कि तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के दौर में सार्वजनिक हस्तियों की डिजिटल पहचान की सुरक्षा बेहद जरूरी हो गई है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा पर क्या बोल गए संजय सिंह: आपराधिक अवमानना की कार्यवाही के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) की जज जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा (Swarn Kant Sharma) को लेकर विवादों में आ गए हैं। कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले के एक बेंच से दूसरी बेंच में ट्रांसफर होने के बाद AAP के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जज स्वर्ण कांता शर्मा को लेकर टिप्पणी की, जो विवाद का कारण बन गई है। उनसे जब इस पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह “न्यायमूर्ति का सम्मान करेंगे, न्यायधर्मी का नहीं।” इस बयान के बाद न्यायपालिका को लेकर राजनीतिक बयानबाजी फिर चर्चा में आ गई है, जबकि संजय सिंह पहले से ही संजय सिंह और आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ अवमानना संबंधी कार्यवाही के दायरे में हैं। (पढ़े पूरी खबर)

24 घंटे में 5 हत्याएं, दो डबल मर्डर से फैली दहशत: राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटों के भीतर आपराधिक घटनाओं ने गंभीर रूप ले लिया है। अलग-अलग इलाकों में 2 डबल मर्डर ( Double Murder) समेत कुल 5 लोगों की हत्या की घटनाओं ने शहर में सनसनी फैला दी है। सबसे बड़ी वारदातें दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी और रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है। लगातार हो रही हत्या की घटनाओं ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही दिन में 5 हत्याओं की खबरों से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। घटनाओं के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police)अलर्ट मोड पर है और सभी मामलों में जांच तेज कर दी गई है। (पढ़े पूरी खबर)

नाम बदलना बना मुसीबत: शादी के बाद महिला द्वारा अपने नाम के साथ पति का सरनेम जोड़ना एक आम सामाजिक परंपरा है, लेकिन दिल्ली की एक महिला के लिए यही बदलाव बड़ी कानूनी परेशानी बन गया। मामले के अनुसार, बीमा कंपनी ने केवल नाम में अंतर का हवाला देते हुए महिला की मैच्योर हुई जीवन बीमा पॉलिसी (Life Insurance Policy) की लाखों रुपये की राशि रोक दी। कंपनी का कहना था कि दस्तावेजों में नाम अलग होने के कारण दावे की पुष्टि नहीं हो पा रही है। इस फैसले के बाद महिला को अपने हक की राशि पाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। अंततः अदालत ने मामले में महिला के पक्ष में फैसला सुनाया और बीमा राशि जारी करने का आदेश दिया। (पढ़े पूरी खबर)

IFSO के इंस्पेक्टर और हेड कॉन्स्टेबल पर FIR: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के दो अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगने के बाद मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, एक इंस्पेक्टर और एक हेड कॉन्स्टेबल पर रिश्वतखोरी, जबरन उगाही, मारपीट और पद के दुरुपयोग जैसे आरोपों में FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई विजिलेंस यूनिट द्वारा 15 मई को की गई। मामले में इंस्पेक्टर उदय सिंह और हेड कॉन्स्टेबल रोबिन को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों अधिकारी स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट में तैनात बताए गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m