दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (11 मई 2026) की खबरों में महिलाओं की फ्री बस यात्रा होगी पूरी तरह डिजिटल, PM मोदी की अपील के बाद केजरीवाल ने पूछा- क्या देश आर्थिक संकट में है?, बेसहारा लोगों के लिए दिल्ली सरकार की पहल, महिलाओं को ₹2500 देने की तैयारी तेज प्रमुख रहा।

महिलाओं की फ्री बस यात्रा होगी पूरी तरह डिजिटल

दिल्ली में महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा योजना में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली सरकार जुलाई 2026 से DTC और क्लस्टर बसों में चल रही मौजूदा ‘पिंक टिकट’ व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की तैयारी में है। अब महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए ‘पिंक सहेली कार्ड’ (Pink Saheli Card) का इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा।  यह योजना वर्ष 2019 में शुरू की गई थी, जिसके तहत महिलाओं को दिल्ली की सरकारी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है। अभी तक बसों में यात्रा के दौरान महिलाओं को पिंक टिकट जारी किए जाते थे, लेकिन सरकार अब इस पूरी व्यवस्था को डिजिटल और कार्ड आधारित सिस्टम में बदलने जा रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

PM मोदी की अपील के बाद केजरीवाल ने पूछा- क्या देश आर्थिक संकट में है?

देश की आर्थिक स्थिति और हाल ही में ऊर्जा बचत से जुड़े सुझावों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने केंद्र सरकार से देश की आर्थिक स्थिति को लेकर स्पष्टता देने की मांग की है। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि विदेशी मुद्रा बचाने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने जैसे सुझावों के बाद लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या देश किसी आर्थिक दबाव या संकट की स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सार्वजनिक अपील पहले कभी नहीं देखी गई, इसलिए सरकार को देश की आर्थिक स्थिति की वास्तविक तस्वीर सामने रखनी चाहिए, ताकि भ्रम की स्थिति न बने।

पढ़े पूरी खबर…..

बेसहारा लोगों के लिए दिल्ली सरकार की पहल

राजधानी दिल्ली में बेघर और बेसहारा लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने ‘अपना घर आश्रम’ और दिल्ली सरकार की संयुक्त पहल के तहत कई एम्बुलेंस और वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य सड़क पर रहने वाले बेघर और बीमार लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना और उन्हें सुरक्षित आश्रय देना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि शहर में ऐसे कई लोग हैं जो बिना किसी सहारे के सड़कों पर जीवन जी रहे हैं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। इस योजना के माध्यम से उन्हें न केवल इलाज मिलेगा, बल्कि रहने की भी उचित व्यवस्था की जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

महिलाओं को ₹2500 देने की तैयारी तेज

दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार राजधानी में गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की तैयारी में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, ‘महिला समृद्धि योजना’(Mahila Samriddhi Yojna) के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार, इस योजना के लिए जून महीने से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। सरकार फिलहाल योजना के अंतिम स्वरूप, पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया को लेकर तैयारियों में जुटी हुई है।

पढ़े पूरी खबर…..

पानी संकट और जलभराव से राहत की तैयारी

राजधानी दिल्ली में पानी संकट और जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद 77 सूखे और उपेक्षित जलाशयों को अगले 90 दिनों के भीतर दोबारा जीवित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। DDA ने इसके लिए चरणबद्ध योजना तैयार की है, जिसकी निगरानी खुद उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू (Tarunjit Singh Sandhu) कर रहे हैं। डीडीए राजधानी में 77 जल निकायों के कायाकल्प और जीर्णोद्धार का कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली के पार्क-उद्यान होंगे हाईटेक: राजधानी दिल्ली में सरकार पार्कों और उद्यानों के रखरखाव, विकास और विस्तार के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता में व्यापक संशोधन पर विचार कर रही है। इस पहल का उद्देश्य न केवल शहर के हरित आवरण को बढ़ाना है, बल्कि सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को भी नई मजबूती देना है। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण से भी इन योजना के जरिये काफी मदद मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)

रेखा गुप्ता सरकार पर भड़के सौरभ भारद्वाज: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक निजी स्कूल के भीतर तीन साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर राजनीति तेज हो गई है। AAAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bharadwaj) ने इस मामले में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। दरअसल, मामला एक निजी स्कूल का है, जहां 57 वर्षीय कर्मचारी पर तीन साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म का आरोप लगा है। यह घटना एक मई को सामने आई, जब पीड़िता की मां ने जनकपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि स्कूल के ही एक कर्मचारी ने उनकी बेटी के साथ गलत काम किया। (पढ़े पूरी खबर)

जनकपुरी स्कूल मामले में प्रशासन सख्त: दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक निजी स्कूल में तीन वर्षीय छात्रा के साथ कथित यौन उत्पीड़न के गंभीर मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को लेकर दिल्ली सरकार स्कूल प्रबंधन का नियंत्रण अपने हाथ में लेने पर विचार कर रही है। सूत्रों के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा, देखरेख और नियमों के पालन में गंभीर लापरवाही के आरोपों के बाद शिक्षा निदेशालय ने 8 मई को स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें स्पष्ट किया गया था कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो स्कूल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)

200 करोड़ मनी लॉन्ड्रिंग केस: 200 करोड़ रुपये के कथित ठगी मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrasekhar) से जुड़े मामले में सरकारी गवाह बनने के लिए अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) की ओर से दायर याचिका पर ED ने अपना जवाब अदालत में दाखिल कर दिया है। ED ने अपने जवाब में कहा है कि जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर उनका यह दावा कि वह पीड़िता हैं, तथ्यों से मेल नहीं खाता। एजेंसी के अनुसार, सबूत यह संकेत देते हैं कि वह सुकेश चंद्रशेखर की आपराधिक पृष्ठभूमि और उसके लेन-देन से अनजान नहीं थीं। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली को ट्रैफिक जाम से राहत की उम्मीद: उत्तर-पश्चिम दिल्ली में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने दिल्ली सरकार की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद इलाके में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और बाधारहित होने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से लोगों का सफर आसान होगा और रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m