दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (15 जून 2026) की खबरों में दिल्ली के सभी थानों में हर शनिवार होगी ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’, राघव चड्ढा समेत सांसदों के मुद्दे पर संजय सिंह ने दिया जवाब, पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड पर बदला नियम, दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर कर्मचारियों की फ्री पार्किंग सुविधा खत्म प्रमुख रहा।

दिल्ली के सभी थानों में हर शनिवार होगी ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’
दिल्ली में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने और आम जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। अब राजधानी के सभी थानों में हर शनिवार को ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ (Thana Diwas-Public Hearing) का आयोजन किया जाएगा। इस पहल के तहत प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नागरिक सीधे थाने पहुंचकर अपनी शिकायतें, सुझाव और पुलिस से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। इसका उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को बेहतर बनाना और शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (Special CP) से लेकर ACP स्तर तक के अधिकारी रोटेशन के आधार पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।

राघव चड्ढा समेत सांसदों के मुद्दे पर संजय सिंह ने दिया जवाब
आम आदमी पार्टी (AAP) में राघव चड्ढा (Raghav Chadha) प्रकरण को लेकर अब भी अंदरूनी स्तर पर हलचल जारी है। पार्टी नेतृत्व इस बात को लेकर मंथन कर रहा है कि संगठन में अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं के फैसलों को लेकर पहले से संकेत क्यों नहीं मिले। राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने माना है कि उन्हें या पार्टी के अन्य नेताओं को इस बात का अंदाजा नहीं था कि संदीप पाठक (Sandeep Pathak) ऐसा कोई कदम उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने वाले नेता से इस तरह के फैसले की उम्मीद नहीं थी। पार्टी के भीतर यह चर्चा चल रही है कि संगठन में मजबूत भूमिका निभाने वाले नेताओं के साथ बेहतर संवाद और समन्वय कैसे बनाए रखा जाए।

पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड पर बदला नियम
दिल्ली में मुफ्त बस यात्रा का लाभ ले रही महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया गया है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (Pink Saheli Smart Card) जारी करने वाले केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। नए फैसले के अनुसार, ये सभी केंद्र अब हर सोमवार को बंद रहेंगे। यह व्यवस्था 15 जून 2026 (आज से) लागू हो गई है। DTC के अनुसार, यह बदलाव प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से किया गया है। इससे अन्य कार्यदिवसों में सेवाओं को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर कर्मचारियों की फ्री पार्किंग सुविधा खत्म
राजधानी दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए पहले उपलब्ध निशुल्क पार्किंग सुविधा को अब समाप्त किया जा रहा है। इसके तहत रेल कर्मियों को अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़ा करने के लिए अब शुल्क देना होगा। इस बदलाव की शुरुआत सबसे पहले हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से की गई है। बताया जा रहा है कि यहां कर्मचारियों के लिए पहले जो मुफ्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध थी, उसे अब बंद कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन के इस निर्णय के बाद कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि पहले से उपलब्ध यह सुविधा उनके लिए राहत का साधन थी, जिसे समाप्त करने से उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
MCD वार्ड कमेटी चुनाव को लेकर हलचल तेज: दिल्ली नगर निगम (MCD) की 12 वार्ड कमेटियों के चुनाव को लेकर इस सप्ताह बड़ा फैसला सामने आ सकता है। संभावना जताई जा रही है कि चुनावों की तारीखों की घोषणा कभी भी की जा सकती है। एमसीडी की ओर से इससे पहले दो बार इन चुनावों की तिथियों में बदलाव किया जा चुका है। बाद में प्रक्रिया को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, जिससे राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। (पढ़े पूरी खबर)
DTC ने शुरू किए तीन नए बस रूट: राजधानी दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने 3 नए बस रूट शुरू किए हैं। इन नई बस सेवाओं से तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों में रहने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। DTC के इस कदम से लोगों को अपने क्षेत्रों से मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी। नई बस सेवाओं का उद्देश्य उन इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बढ़ाना है, जहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। (पढ़े पूरी खबर)
40 हजार लोगों ने देखी स्वगम योजना की वेबसाइट: अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए शुरू की गई स्वगम योजना (Swagam scheme) को लेकर दिल्ली नगर निगम (MCD) ने नीतिगत सुधारों की मांग उठाई है। MCD ने इस संबंध में दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) और दिल्ली सरकार से संपर्क किया है। MCD का कहना है कि अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों से योजना को अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली है। MCD ने योजना की प्रक्रिया को आसान बनाने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कुछ नीतिगत बदलावों का सुझाव दिया है। (पढ़े पूरी खबर)
30 जून तक भरें प्रॉपर्टी टैक्स: राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) क्षेत्र में संपत्ति मालिकों के लिए राहत भरी खबर है। अगर आपने अभी तक वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपत्ति कर जमा नहीं किया है, तो आप छूट का लाभ उठा सकते हैं। NDMC ने घोषणा की है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के संपत्ति कर भुगतान पर 10 % की छूट दी जाएगी। यह सुविधा उन करदाताओं को मिलेगी, जो अपना संपत्ति कर 30 जून 2026 तक या उससे पहले जमा कर देंगे। परिषद का उद्देश्य समय पर कर भुगतान को प्रोत्साहित करना और राजस्व संग्रह प्रक्रिया को बेहतर बनाना है। NDMC क्षेत्र में आने वाली संपत्तियों के मालिकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख से पहले टैक्स जमा कर इस छूट का लाभ उठाएं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज: राजधानी दिल्ली में आज सुबह मौसम ने करवट ली। कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। सुबह के समय ठंडी हवाओं के साथ मौसम सुहावना नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में इसके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इससे पहले रविवार को राजधानी में गर्मी का असर देखने को मिला था और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया था। तापमान और उमस से परेशान लोगों को सोमवार की बारिश से कुछ राहत मिली। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

