Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (5 अक्टूबर 2026) की खबरों में NSUI प्रदर्शन में CAPF जवान पर चाकू से हमला, जिमखाना क्लब विवाद: सदस्यों को सुप्रीम कोर्ट से राहत, दिल्ली-NCR में रेप मामलों पर सुप्रीम कोर्ट की पुलिस को फटकार, दिल्ली में EV चार्जिंग नेटवर्क होगा मजबूत प्रमुख रहा।

NSUI प्रदर्शन में CAPF जवान पर चाकू से हमला

SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। दिल्ली में सोमवार को NSUI के प्रदर्शन के दौरान CAPF के एक जवान पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने घटना को लेकर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में EV चार्जिंग नेटवर्क होगा मजबूत

दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। भारी उद्योग मंत्रालय (MHI) ने राजधानी में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए 382 साइटों को मंजूरी दे दी है। दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग और डीटीसी ने कुल 456 साइटों को चिह्नित किया था, जिनमें से 382 साइटों को एमएचआई की मंजूरी मिली है।

पढ़े पूरी खबर…..

जिमखाना क्लब विवाद: सदस्यों को सुप्रीम कोर्ट से राहत

दिल्ली जिमखाना क्लब (Delhi Gymkhana Club) के 11 सदस्यों को क्लब की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) से राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) से इन सदस्यों की याचिका पर विचार करने को कहा। याचिकाकर्ताओं ने क्लब की 27.3 एकड़ जमीन को केंद्र सरकार द्वारा अपने कब्जे में लिए जाने और इसके बाद की गई बेदखली की कार्रवाई को चुनौती दी है। क्लब के सदस्यों की ओर से दायर याचिका में केंद्र सरकार के जमीन अपने कब्जे में लेने के फैसले के साथ-साथ इसके बाद शुरू की गई बेदखली की कार्रवाई पर सवाल उठाए गए हैं। सदस्यों का कहना है कि इस कार्रवाई से उनके क्लब से जुड़े अधिकार प्रभावित हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अब दिल्ली हाई कोर्ट इस याचिका पर सुनवाई करेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली-NCR में रेप मामलों पर सुप्रीम कोर्ट की पुलिस को फटकार

दिल्ली-NCR में हाल के दिनों में सामने आई दुष्कर्म की घटनाओं पर स्वत: संज्ञान लेते हुए सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने सोमवार को मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से कहा कि अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा करना जरूरी है। कोर्ट ने कहा कि केवल कागजों पर योजनाएं और निर्देश तैयार करने से स्थिति नहीं बदलेगी, बल्कि पुलिस को जमीन पर प्रभावी कदम उठाने होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि पुलिस को ऐसा प्रभावी तंत्र तैयार करना होगा, जिससे अपराध करने वालों के मन में कानून और सजा का भय रहे।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली में इम्पोर्टेड शराब सस्ती करने की तैयारी: दिल्ली में ब्रिटेन से आयात होने वाली शराब की कीमतों में कमी का रास्ता साफ हो सकता है। दिल्ली आबकारी विभाग ने शराब लाइसेंस धारकों को भारत-यूके कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) के तहत आने वाले इम्पोर्टेड शराब ब्रांडों की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) तय करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने लाइसेंस धारकों से MRP में संशोधन के लिए आवेदन मांगे हैं। आबकारी विभाग ने यह कदम ब्रिटेन से आयात होने वाली शराब पर लागू कस्टम ड्यूटी में कटौती के बाद उठाया है। ड्यूटी कम होने से आयात लागत में कमी आने की संभावना है, जिसके आधार पर संबंधित ब्रांडों की एमआरपी में संशोधन किया जा सकता है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री के पास से करीब 3.04 करोड़ रुपये के कीमती पत्थर और ज्वेलरी बरामद की है। आरोपी यात्री बैंकॉक से दिल्ली पहुंचा था। कस्टम अधिकारियों ने उसे स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर रोका और पूछताछ के बाद उससे जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी ली। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली दंगों की हेट स्पीच याचिकाओं पर HC का फैसला: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने वर्ष 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित भड़काऊ भाषणों के मामले में नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग वाली 15 याचिकाएं खारिज कर दी हैं। इन याचिकाओं में अलग-अलग नेताओं के खिलाफ कथित भड़काऊ भाषण को लेकर आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की मांग की गई थी। अदालत के इस फैसले से याचिकाकर्ताओं को झटका लगा है। (पढ़े पूरी खबर)

IIT दिल्ली के PhD छात्र की AIIMS में मौत: IIT दिल्ली के बायोकेमिकल इंजीनियरिंग विभाग के एक PHD छात्र की AIIMS में इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र बिहार के पूर्णिया का रहने वाला था। वह 18 अगस्त से गंभीर हालत में एम्स के ट्रॉमा सेंटर के ICU में भर्ती था। सूत्रों के मुताबिक, छात्र ने नींद की गोलियों का अधिक सेवन किया था, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी। उसे इलाज के लिए एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इस मामले में पुलिस को अब तक छात्र के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। (पढ़े पूरी खबर)

करोल बाग में मेट्रो निर्माण के लिए पेड़ काटने पर हाईकोर्ट सख्त: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मेट्रो निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई और पर्यावरण को हो रहे नुकसान के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली सरकार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। यह कार्रवाई मेट्रो निर्माण के कारण पर्यावरण को होने वाले नुकसान का आरोप लगाने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली जल बोर्ड के नए नियम लागू: दिल्लीवालों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने पानी और सीवर कनेक्शन से जुड़े नए नियमों को मंजूरी दे दी है। नए नियमों का उद्देश्य कनेक्शन लेने और पुराने कनेक्शनों को नियमित कराने की प्रक्रिया को आसान और तेज करना है। इसके साथ ही कागजी कार्रवाई कम करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने पर जोर दिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m