Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (8 अक्टूबर 2026) की खबरों में CJP प्रदर्शन हिंसा की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी, CJP Protest Delhi: 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान, दिल्ली जिमखाना क्लब से SC नाराज, कंगना रनौत ने अश्लील AI कंटेंट के खिलाफ खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा प्रमुख रहा।

CJP प्रदर्शन हिंसा की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी
जुलाई में CJP के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच करेगी। 20 जुलाई को नई दिल्ली समेत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुए टकराव, पथराव, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं की नए सिरे से जांच की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने हिंसा से जुड़े मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं।

CJP Protest Delhi: 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान
CJP Protest Delhi: मुख्य निर्वाचन आयुक्त और वोटर लिस्ट में SIR की प्रक्रिया के विरोध में विपक्ष के प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद CJP ने प्रदर्शन करने की बात कही है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

दिल्ली जिमखाना क्लब से SC नाराज
सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने बुधवार को दिल्ली जिमखाना क्लब (Delhi Gymkhana Club) को निर्देश दिया कि वह एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट रूप से बताए कि क्लब में सदस्यों का चयन किस प्रक्रिया के तहत किया जाता है। कोर्ट ने पिछली सुनवाई में दिए गए निर्देश के जवाब में क्लब की ओर से दाखिल दस्तावेजों पर नाराजगी जताई। जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने क्लब के जवाब को दस्तावेजों का उलझा हुआ ढेर बताया। पीठ ने कहा कि कोर्ट ने स्पष्ट रूप से यह जानकारी मांगी थी कि क्लब में सभी श्रेणियों के लिए सदस्यता देने की प्रक्रिया क्या है और इसके लिए फीस का स्ट्रक्चर किस तरह तय किया गया है।

कंगना रनौत ने अश्लील AI कंटेंट के खिलाफ खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा
बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अपने व्यक्तित्व के अधिकारों (Personality Rights) की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। कंगना की ओर से बुधवार को यह याचिका दाखिल की गई। याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस विकास महाजन की पीठ ने नोटिस जारी किया। कोर्ट ने कंगना की ओर से मांगे गए कंटेंट हटाने के आदेश को लेकर सवाल किया कि आखिर वे कौन लोग हैं, जिनके खिलाफ इस तरह का आदेश जारी करने की मांग की जा रही है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली अलर्ट: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित जंतर-मंतर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए जाने की तैयारी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 11 हजार से अधिक पैरामिलिट्री जवानों को विभिन्न राज्यों से बुलाए जाने की तैयारी है। इनमें जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में तैनात जवानों को भी दिल्ली लाए जाने की जानकारी सामने आई है। (पढ़े पूरी खबर)
‘थप्पड़ कांड’ पर दिल्ली हाईकोर्ट का नोटिस: दिल्ली के डिप्टी सीएम और PWD मंत्री प्रवेश वर्मा से जुड़े थप्पड़ मामले में दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने मामले में प्रवेश वर्मा और दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को नोटिस जारी किया है। यह याचिका AAP कार्यकर्ता साहिब सिंह ने दाखिल की है। याचिकाकर्ता ने खुद पर हमले का आरोप लगाते हुए मामले की स्वतंत्र जांच और पुलिस सुरक्षा की मांग की है। मामले की सुनवाई जस्टिस सचिन दत्ता की कोर्ट में हुई। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को मामले की अब तक की जांच और स्थिति से संबंधित रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई नवंबर में होगी। (पढ़े पूरी खबर)
जंतर-मंतर जाने की तैयारी के बीच अभिजीत दीपके का बयान: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Ganesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के नेता अभिजीत दीपके(Abhijeet Dipke), सौरभ दास (Saurav Das) और आशुतोष लगातार अपने समर्थकों से बड़ी संख्या में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पहुंचने की अपील कर रहे हैं। हालांकि, प्रदर्शन के लिए CJP ने दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से अनुमति नहीं ली है। पार्टी की ओर से पुलिस को केवल प्रदर्शन की सूचना दिए जाने की बात कही गई है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में नवरात्र पर मीट की दुकानों पर MCD का आदेश: दिल्ली में आगामी रविवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत होने जा रही है। नवरात्र को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने मंदिरों के आसपास मांस की दुकानों (meat shop) को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रामलीला स्थलों और मंदिरों के आसपास विशेष स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। इस संबंध में निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बुधवार को निगम आयुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखा। पत्र के जरिए नवरात्र के दौरान मंदिरों और रामलीला स्थलों के आसपास साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने तथा मांस की दुकानों को बंद रखने के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के NDMC इलाके में अब ऑनलाइन होगा जन्म-मृत्यु पंजीकरण: डिजिटल इंडिया के तहत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने तीन महत्वपूर्ण पहल शुरू की हैं। इसके तहत नई दिल्ली क्षेत्र में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र का पंजीकरण पूरी तरह पेपरलेस और ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके अलावा सरकारी पशु चिकित्सालय के लिए व्यापक ऑनलाइन पालतू पशु सेवा प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है। NDMC क्षेत्र में अब जन्म और मृत्यु के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पेपरलेस होगी। (पढ़े पूरी खबर)
कांग्रेस के प्रदर्शन में पुलिसकर्मी से मारपीट: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस के नेतृत्व में शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी देखने को मिली। प्रदर्शन के बाद एक पुलिसकर्मी का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। अंकित कसाना नाम के कॉन्स्टेबल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोट आई है। वीडियो में पुलिसकर्मी रोते हुए नजर आ रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)
आंदोलन से पहले अभिजीत, सौरव और रांका की बढ़ीं मुश्किलें: भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार(Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को आंदोलन का ऐलान किया है। आंदोलन में शामिल होने के लिए CJP के नेताओं और वॉलंटियर्स के दिल्ली पहुंचने से पहले उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को CJP की अगुवाई में निकाले गए संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उस दिन हुई घटनाओं से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

