Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (31 अक्टूबर 2026) की खबरों में आज दिल्ली में विपक्ष की महारैली; राहुल गांधी बोले-ज्ञानेश को मोदी-शाह का कोई कवच नहीं बचा पाएगा; दिल्ली में फ्लाईओवरों के नीचे बनेंगे 500 पुलिस बूथ; दिल्ली स्वास्थ्य विभाग में होगी बंपर भर्ती प्रमुख रहा।

1. आज दिल्ली में विपक्ष की महारैली

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज ‘INDIA’ गठबंधन की महारैली होने वाली है.मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रामलीला मैदान में महारैली होगी. विपक्षी गठबंधन इस आयोजन के जरिए चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के साथ अपनी एकजुटता और राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है. रैली से एक दिन पहले शनिवार को कांग्रेस ने मॉक पार्लियामेंट आयोजित कर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग की कार्रवाई की. पार्टी ने साफ कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से जाना ही होगा.

पढ़े पूरी खबर…..,

2. राहुल गांधी बोले-ज्ञानेश को मोदी-शाह का कोई कवच नहीं बचा पाएगा

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक ने नई दिल्ली में प्रतीकात्मक सार्वजनिक ‘महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुए इस कार्यक्रम में विपक्ष की करीब 21 पार्टियों ने हिस्सा लिया। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने कार्यवाही की अध्यक्षता की, जबकि खड़गे ने प्रस्ताव पेश किया। विपक्ष ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।

पढ़े पूरी खबर…..,

3. दिल्ली में फ्लाईओवरों के नीचे बनेंगे 500 पुलिस बूथ

राजधानी दिल्ली में फ्लाईओवरों के नीचे खाली पड़ी जगहों का इस्तेमाल अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और शहर के सौंदर्यीकरण के लिए किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर शहरभर में 400 से 500 पुलिस बूथ बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इन बूथों के निर्माण का पूरा खर्च PWD उठाएगा और निर्माण पूरा होने के बाद इन्हें दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को सौंप दिया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य व्यस्त चौराहों और प्रमुख सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना है। फ्लाईओवरों के नीचे खाली पड़ी जगहों पर पुलिस बूथ बनने से आसपास के क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पढ़े पूरी खबर…..,

4. दिल्ली स्वास्थ्य विभाग में होगी बंपर भर्ती

दिल्ली नगर निगम (MCD) की स्थायी समिति ने सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 1066 खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। शुक्रवार को हुई बैठक में समिति ने कहा कि कर्मचारियों की कमी के कारण मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के प्रयास प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में खाली पदों को भरने के लिए जल्द कदम उठाने की जरूरत है। सत्या शर्मा की अध्यक्षता में हुई नगर निगम की शीर्ष वित्तीय समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें राजधानी के 126 प्रवेश बिंदुओं पर बैरियर-फ्री टोल कलेक्शन सिस्टम लागू करने और अगले 10 वर्षों तक 70 मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें तैनात करने की 923.57 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है।

पढ़े पूरी खबर…..,

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

CM रेखा गुप्ता ने किया खास बाजार का उद्घाटनः मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शुक्रवार को ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के दिवाली बाजार 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों से मुलाकात की और उनके साथ भोजन भी किया। मुख्यमंत्री ने दृष्टिबाधित लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए एसोसिएशन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। (पूरी खबर पढ़े)

दिल्ली मेट्रो में सफर होगा आसानः दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने यात्रियों के सफर को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक बनाने के लिए एक नई पहल की है। मजेंटा लाइन पर सफल प्रयोग के बाद अब पिंक लाइन (मजलिस पार्क–शिव विहार/मौजपुर) कॉरिडोर के स्टेशनों पर भी यात्रियों को ट्रेन के प्रत्येक कोच में भीड़ की जानकारी मिलने लगी है। इस सुविधा के तहत मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लगे यात्री डिस्प्ले बोर्ड पर बताया जा रहा है कि ट्रेन के किस कोच में कितनी भीड़ है। इससे यात्री ट्रेन आने से पहले ही अपनी सुविधा के अनुसार कम भीड़ वाले कोच में चढ़ने की योजना बना सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत प्लेटफॉर्म पर लगे डिस्प्ले बोर्ड यात्रियों को अलग-अलग कोच में भीड़ की स्थिति की जानकारी देंगे। (पूरी खबर पढ़े)

दिल्ली की जेलों में पहुंच रहा ड्रग्सः दिल्ली की जेलों में तंबाकू और अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जेल प्रशासन अब आधुनिक तकनीक का सहारा लेने जा रहा है। इसके तहत ऐसी मशीनें खरीदने की तैयारी की जा रही है, जो बिना किसी नुकसान के प्रतिबंधित सामान की पहचान कर सकें। इसके लिए दिल्ली सरकार के गृह विभाग ने जेल प्रशासन को उपयुक्त जांच उपकरणों की तलाश करने और उनकी खरीद का प्रस्ताव तैयार कर पेश करने के निर्देश दिए हैं। (पूरी खबर पढ़े)

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m