Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (18 सितंबर 2026) की खबरों में दिल्ली में SIR के दौरान बेघर, ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों के लिए विशेष कैंप, जंतर-मंतर मारपीट केस: स्वतंत्र भारद्वाज को राहत, रेखा सरकार ने बर्थ-डेथ सर्टिफिकेट के नियम बदले, DUSU चुनाव में हिंसा पर नाराज दिल्ली HC प्रमुख रहा।

दिल्ली में SIR के दौरान बेघर, ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों के लिए विशेष कैंप
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान उन पात्र लोगों को वोटर लिस्ट से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिन्हें सामान्य प्रक्रिया में आवेदन करने में परेशानी होती है। बेघर लोगों, ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों के लिए 23 और 24 सितंबर को दिल्ली के 13 जिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

जंतर-मंतर मारपीट केस: स्वतंत्र भारद्वाज को राहत
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान मारपीट के आरोप में गिरफ्तार स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली की अदालत से अंतरिम राहत मिली है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह ललर ने भारद्वाज को तीन सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत दी है। अदालत के आदेश के बाद वह गुरुवार देर रात तिहाड़ जेल से बाहर आ गया।

रेखा सरकार ने बर्थ-डेथ सर्टिफिकेट के नियम बदले
जन्म या मृत्यु का पंजीकरण समय पर नहीं कराया गया तो 1 अक्टूबर 2026 से प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक सख्त हो जाएगी। नए प्रावधानों के तहत पंजीकरण में जितनी अधिक देरी होगी, उतने ही उच्च स्तर के अधिकारी या न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश की जरूरत पड़ेगी। सरकार का उद्देश्य देरी से होने वाले जन्म और मृत्यु पंजीकरण (birth and death certificate) की जांच और निगरानी को मजबूत करना है।

DUSU चुनाव में हिंसा पर नाराज दिल्ली HC
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन को फटकार लगाते हुए कहा कि इससे ज्यादा चिंता की बात क्या हो सकती है कि देश की राजधानी में छात्रसंघ चुनाव के दौरान इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। अदालत ने छात्रसंघ चुनाव लड़ रहे सभी 140 उम्मीदवारों को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने उनसे पूछा है कि चुनाव के दौरान हुई हिंसा और कथित नियमों के उल्लंघन के लिए उन पर हर्जाना क्यों न लगाया जाए। मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने भी अब तक की कार्रवाई और उठाए गए कदमों की स्थिति अदालत के सामने रखी।

दिल्ली में पिंक टिकट पर फिर बढ़ी डेडलाइन
दिल्ली की महिलाओं के लिए राहत की खबर है। DTC बसों में मुफ्त यात्रा के लिए दी जाने वाली पिंक टिकट सुविधा की डेडलाइन एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अब महिलाएं आगामी 30 सितंबर तक पिंक टिकट के जरिए डीटीसी बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। पहले इस सुविधा को सीमित अवधि के लिए जारी रखा गया था, लेकिन अब इसकी समयसीमा बढ़ा दी गई है। इसका मतलब है कि दिल्ली की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाने के लिए अभी कुछ और समय मिलेगा।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
CM रेखा गुप्ता ने भरा अंगदान संकल्प पत्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली में अंगदान को लेकर एक विशेष पहल शुरू की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने गुरुवार को अंगदान संकल्प अभियान (organ donation pledge) की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य लोगों को अंगदान के लिए प्रोत्साहित करना, अंग प्रत्यारोपण से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करना और लोगों के बीच अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में DTC बसों के पहिए थमे: दिल्ली में DTC बसों की हड़ताल को लेकर नया अपडेट सामने आया है। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह (Pankaj Kumar Singh) ने हड़ताल कर रहे बस ड्राइवरों से काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ड्राइवरों की ज्यादातर मांगें सरकार ने मान ली हैं और अब केवल वेतन बढ़ाने से जुड़ा मुद्दा बाकी है। परिवहन मंत्री ने कहा कि वेतन बढ़ाने के मुद्दे पर श्रम विभाग से बातचीत के बाद फैसला लिया जाएगा। सरकार का कहना है कि कर्मचारियों की अन्य मांगों पर समाधान की दिशा में कदम उठाए गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)
DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय में आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा छात्र पर्व मनाया जा रहा है। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए मतदान शुरू हो चुका है। इस साल करीब 1.4 लाख से अधिक छात्र अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मॉर्निंग कॉलेजों में मतदान की प्रक्रिया सुबह 8:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:00 बजे तक चलेगी। वहीं, इवनिंग कॉलेजों के छात्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान कर सकेंगे। मतदान को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के साथ-साथ व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
तरुण हत्याकांड: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए तरुण हत्याकांड (Tarun Murder Case) में नया मोड़ सामने आया है। प्रशासन ने मामले में आरोपी बनाए गए एक नाबालिग के जन्म पंजीकरण दस्तावेज (बर्थ सर्टिफिकेट) को रद्द कर दिया है। गुरुवार को जारी एक प्रशासनिक आदेश के मुताबिक, सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) ने मार्च 2026 में हुई तरुण बुटोलिया की हत्या के आरोपियों में से एक के जन्म पंजीकरण दस्तावेज को निरस्त किया है। तरुण बुटोलिया की हत्या के बाद पश्चिमी दिल्ली में कई दिनों तक सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी रही थी। (पढ़े पूरी खबर)
पहले फोन कर बुलाया, फिर युवराज की हत्या; अडानी रियलिटी में काम करने वाले मैनेजर युवराज (Yuvraj) की हत्या के मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। हत्याकांड में गिरफ्तार अन्या वत्स के खिलाफ पहले भी ठगी का एक मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस के मुताबिक, यह मामला दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था। आरोप है कि अन्या वत्स खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को उनके काम करवाने का झांसा देती थी। इसके बदले वह उनसे कथित तौर पर मोटी रकम लेती थी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में ट्रैफिक चालान का नया नियम: दिल्ली में ट्रैफिक चालान (traffic challan) को लेकर नियमों में अहम बदलाव किया गया है। नए प्रावधान के तहत अगर कोई वाहन चालक चालान को कोर्ट में चुनौती देना चाहता है, तो उसे सुनवाई से पहले चालान की कुल राशि का 50 फीसदी हिस्सा जमा करना होगा। अगर किसी वाहन चालक को लगता है कि उसका चालान गलत तरीके से काटा गया है और वह इसे अदालत में चुनौती देना चाहता है, तो उसे पहले निर्धारित राशि जमा करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वह चालान के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेगा। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



