Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (26 अक्टूबर 2026) की खबरों में JNU में विवादित नारों पर बढ़ा तनाव, ‘30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा, बस मोदीजी से कहिए ज्ञानेश को हटाए, तिहाड़ से बाहर आते ही सौरभ दास का न्यायपालिका पर बड़ा हमला, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज ने CJP नेताओं को बुजदिल कहा प्रमुख रहा।
JNU में विवादित नारों पर बढ़ा तनाव
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) परिसर में दीवारों पर लिखे गए विवादित नारों को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया है। उमर खालिद के समर्थन में लिखे नारों और ‘अखंड भारत’ से जुड़े नारों के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन सख्त रुख अपना सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नारे लिखने वाले छात्रों की पहचान करने और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पढ़े पूरी खबर…..

‘30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा, बस मोदीजी से कहिए ज्ञानेश को हटाए…
दिल्ली में राहुल गांधी की 1 नवंबर को होने वाली महारैली को लेकर व्यापारियों ने गहरी चिंता जताई है. सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने त्योहारों के मद्देनजर राहुल गांधी और रैली के आयोजकों से कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की है. ऐसा न करने पर व्यापारियों को लगभग 10 हज़ार करोड़ के घाटे का अनुमान लगाया गया है. वहीं अब इस पर राहुल गांधी ने भी व्यापारियों से कह दिया है कि, ‘मोदी जी से कहिए – आरोपी नंबर 4, ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा.’

तिहाड़ से बाहर आते ही सौरभ दास का न्यायपालिका पर बड़ा हमला
एक सप्ताह से अधिक समय तिहाड़ जेल में बिताने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरभ दास ने अब न्यायपालिका को लेकर तीखी टिप्पणी की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जवाबदेही की मांग उठाने वाले सौरभ दास ने नाम लिए बिना कई जजों पर देश को धोखा देने और संविधान के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं। उनके इस बयान से न्यायपालिका को लेकर उनका विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज ने CJP नेताओं को बुजदिल कहा
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने सीजेपी के चारों नेताओं को ‘कायर’ कहा है। मार्कंडेय काटजू ने जेपी के चारों नेताओं अभिजीत दीपके (Abhijeet Dipke), सौरव दास (Saurav Das), आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) और अजिंक्य शिंदे पर पीस बॉन्ड साइन करने को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि पीस बॉन्ड साइन करने के बाद इन चारों का करियर खत्म हो गया है। साथ ही नेहा बोरा (Neha Bora) के पीस बॉन्ड साइन न करने पर काटजू ने उनकी तारीफ की है और की वो उनकी इज्जत करते हैं।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
Delhi Patwari Recruitment 2026: नई दिल्ली: दिल्ली के राजस्व विभाग में पटवारियों की कमी दूर करने के लिए भर्ती नियमों में अहम बदलाव किया गया है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोमवार को पटवारी पद पर नियुक्ति के लिए संशोधित भर्ती नियमों को मंजूरी दे दी। नए नियमों के तहत अब किसी भी विषय में स्नातक उम्मीदवार पटवारी पद के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही एक साल के कंप्यूटर डिप्लोमा की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। (पढ़े पूरी खबर)
कनॉट प्लेस समेत दिल्ली में पार्किंग महंगी होने के आसार: राजधानी दिल्ली के लुटियंस इलाके में वाहन पार्क करना नए साल से महंगा पड़ सकता है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) अपनी सभी 157 पार्किंग साइट्स को स्मार्ट पार्किंग सिस्टम में बदलने की तैयारी कर रही है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद पार्किंग की उपलब्धता की रियल-टाइम जानकारी, ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग और डिजिटल पेमेंट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि, इसके साथ ही पार्किंग शुल्क में भी बढ़ोतरी होने का अनुमान है। NDMC की प्रोजेक्ट रिपोर्ट के मुताबिक, प्रस्तावित नई दरें मौजूदा दरों के मुकाबले दो से तीन गुना तक हो सकती हैं। वहीं, पार्किंग शुल्क में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। मासिक पार्किंग पास की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ी 72 साल की महिला चोर: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 72 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला एक आदतन अपराधी है और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद एक विदेशी महिला के साथ हुई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए अमेरिकी डॉलर (US Dollar) के साथ भारतीय करेंसी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, विदेशी महिला से जुड़े चोरी के मामले की जांच के दौरान आरोपी महिला की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अमेरिकी डॉलर और भारतीय रुपये बरामद किए गए, जिन्हें चोरी की वारदात से जुड़ा बताया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
यमुना में क्रूज सफारी का ट्रायल रन शुरू: दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gpta) ने सोमवार को सोनिया विहार से जगतपुर तक विकसित की जा रही ‘नमो यमुना क्रूज सफारी परियोजना’ का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना का ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है और इसे छठ पर्व से पहले शुरू करने की योजना है। सरकार का कहना है कि इस पहल से यमुना नदी के बेहतर उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और नदी की सफाई से जुड़े प्रयासों को भी गति मिल सकती है। (पढ़े पूरी खबर)
महिला सिपाहियों के दिल से खेलने वाला विक्रांत तोमरः दिल्ली पुलिस की महिला कॉन्स्टेबल से ठगी मामले में पुलिस ने विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे उत्तर प्रदेश के बागपत के रहने वाले विक्रांत तोमर के काले कारनामे बाहर आ रहे हैं। महिला सिपाहियों के दिल से खेलने वाला विक्रांत तोमर (Vikrant Tomar) सिर्फ दिल्ली पुलिस की महिला कॉन्स्टेबलों को अपना शिकार बनाता था। इस कहानी की शुरुआत इंस्टाग्राम पर दिखाई देने वाली चमक-दमक से। महंगी कारें, लग्जरी लाइफस्टाइल और खुद को अमीर कारोबारी बताने से होती थी। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के हर्ष विहार में बड़ा हादसा: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मिलन गार्डन में एक निर्माणाधीन मकान की छत का हिस्सा अचानक गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रातभर चले अभियान के बाद सोमवार सुबह दोनों के शव बरामद किए गए। हादसा रविवार रात हर्ष विहार के मिलन गार्डन इलाके में हुआ। यहां एक निर्माणाधीन मकान की छत का हिस्सा अचानक ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे दो लोगों के दबे होने की सूचना मिलने पर बचाव टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती: दिल्ली-NCR में रहने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए दिल्ली सरकार 1 नवंबर 2026 से गैर-BS-VI वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लागू करने जा रही है। इसके तहत दिल्ली के बाहर पंजीकृत और BS-VI उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं करने वाले वाहनों को राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध 31 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा। इस फैसले का असर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा से रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले वाहन चालकों पर पड़ सकता है। खासकर उन लोगों को अपनी गाड़ियों के उत्सर्जन मानकों की जांच करनी होगी, जो निजी या व्यावसायिक काम से नियमित रूप से राजधानी पहुंचते हैं। (पढ़े पूरी खबर)
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की भारत वापसी की तैयारी: अमेरिका के लास वेगास में गिरफ्तार किए गए दिल्ली-NCR और हरियाणा के वांछित गैंगस्टर हिमांशु भाऊ (gangster Himanshu Bhau) और उसके सहयोगी नीरज फरीदपुरिया को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारतीय एजेंसियां दोनों को देश वापस लाने के लिए आधिकारिक कार्रवाई में जुट गई हैं। इसके लिए पारंपरिक लंबी प्रत्यर्पण प्रक्रिया के बजाय फास्ट-ट्रैक डिपोर्टेशन का विकल्प अपनाने की तैयारी की जा रही है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियों का ध्यान अब उन्हें जल्द भारत लाने की प्रक्रिया पूरी करने पर है। फास्ट-ट्रैक डिपोर्टेशन के जरिए उनकी वापसी की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है, ताकि लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचते हुए नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके। (पढ़े पूरी खबर)
जामिया में छात्रसंघ चुनाव पर नया आदेश जारी: जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर विवाद जारी है। इसी बीच सोमवार, 26 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर एक आदेश जारी किया। हालांकि, छात्रों की प्रमुख मांग चुनाव की निश्चित तारीख घोषित करने की थी, लेकिन प्रशासन के आदेश में फिलहाल कोई निर्धारित तारीख नहीं बताई गई है। जारी आदेश के मुताबिक, छात्रसंघ का संविधान तैयार होने के 15 दिनों के भीतर चुनाव कराए जाएंगे। ऐसे में चुनाव की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से समयसीमा तो बताई गई है, लेकिन मतदान किस दिन होगा, इस पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

