प्रतीक पटनायक, धमतरी। जिले में लूट का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। बदमाशों ने पहले चाकू की नोक पर पीड़ित पिता-पुत्र से 50 हजार रुपये नगद लूट लिए और इसके बाद उन्हें धमकाकर क्यूआर (QR) कोड के जरिए 28 हजार 500 रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग बालक को भी पकड़कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, घटना 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है। मनीष सोनवानी अपने पिता के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने पहले गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र के साथ मारपीट की। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद 50 हजार रुपये नगद लूट लिए। वारदात यहीं नहीं रुकी। बदमाशों ने पीड़ित को डराकर क्यूआर कोड के माध्यम से 28 हजार 500 रुपये भी अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लगातार दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस चारों आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी नागेंद्र साहू, नीरज ध्रुवंशी और विनय ध्रुवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कानूनी प्रावधानों के तहत उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

