सोनीपत: सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की फिरौती और उसके बाद हुई फायरिंग के मामले ने पुलिस की एंटी गैंगस्टर यूनिट को सक्रिय कर दिया। पुलिस के अनुसार, खरखौदा निवासी दीपक को नंदू गैंग के नाम पर फोन कर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके करीब आधे घंटे बाद दो युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से उसके खांडा रोड स्थित कार्यालय पहुंचे और वहां फायरिंग कर फरार हो गए।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। टीम ने उनका पीछा किया और गांव हरसाना के पास दोनों को घेर लिया। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। घायल आरोपियों की पहचान भटाना निवासी अंकित और लहराड़ा निवासी हर्ष के तौर पर हुई है। दोनों को इलाज के लिए खरखौदा नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तीन देशी पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।

पहले से मिला था फायरिंग का इनपुट

एसीपी क्राइम राजपाल ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को खरखौदा क्षेत्र में फायरिंग की संभावित वारदात को लेकर पहले ही इनपुट मिला हुआ था। इसके चलते क्राइम यूनिट की विभिन्न टीमों को अलर्ट पर रखा गया था। जैसे ही दीपक के कार्यालय पर फायरिंग की सूचना मिली, स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने बिना देरी किए बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, हरसाना गांव के पास घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फिरौती, फायरिंग तथा नंदू गैंग से कथित कनेक्शन को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m