गुजरात : अवैध रूप से अमेरिका जाने के चक्कर में गुजरात के तीन युवा एक बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। मेहसाणा और गांधीनगर के रहने वाले तीन रिश्तेदारों का अफ्रीकी देश इथियोपिया में अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं ने उनकी सुरक्षित रिहाई के बदले परिजनों से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है, जिससे उनके परिवारों में भारी दहशत और चिंता का माहौल है।
लापता युवाओं की पहचान मेहसाणा के वडसमा गांव निवासी रुत्विक जंसारी, अहमदाबाद निवासी ममता चावड़ा और गांधीनगर की मयूरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ममता चावड़ा के पति चिराग कुमार छह महीने पहले छात्र वीजा पर अमेरिका गए थे। ममता भी लंबे समय से वहां जाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन वीजा न मिलने के कारण परिवार ने ‘डंकी’ (अवैध) रूट का रास्ता चुना।
परिजनों ने बताया कि मेहसाणा के स्थानीय एजेंट ने उन्हें वडोदरा के एजेंटों से मिलवाया था। एजेंटों ने तीनों को अमेरिका पहुंचाने के लिए प्रति व्यक्ति 70 लाख रुपये तय किए थे। 20 सितंबर को तीनों घर से रवाना हुए और 22 सितंबर को ममता ने अपने पिता किरीटभाई से आखिरी बार फोन पर बात की थी। इसके बाद से तीनों का कोई संपर्क नहीं हो सका।
अपहरणकर्ताओं द्वारा 1 करोड़ रुपये की मांग किए जाने के बाद परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। रुत्विक के दादा कानुभाई जंसारी के अनुसार, अपहरणकर्ताओं को 60 लाख रुपये दिए भी जा चुके हैं, लेकिन फिर भी तीनों की रिहाई नहीं हुई है। अब असहाय परिजनों ने भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर बच्चों को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेहसाणा जिले के लांघणज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

