अहमदाबाद: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के एक बार फिर कांग्रेस का हाथ थामने की सुगबुगाहट के साथ ही राज्य की राजनीति में नया उबाल आ गया है। वाघेला की संभावित वापसी की खबरों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। गुजरात भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. अनिल पटेल ने कांग्रेस की स्थिति पर चुटकी लेते हुए उसे “डूबता जहाज” करार दिया है।
भाजपा प्रवक्ता डॉ. अनिल पटेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से राजनीतिक भ्रम में जी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल गुजरात में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एक “परजीवी पार्टी” बन चुकी है, जो दूसरों की मेहनत पर सत्ता का सुख पाना चाहती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए पटेल ने दावा किया कि कांग्रेस ने वर्ष 2027 में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि गुजरात की जनता पिछले 30 वर्षों से लगातार भाजपा पर अपना विश्वास जता रही है। इसका मुख्य कारण भाजपा संगठन और उसके कार्यकर्ताओं का जनता के साथ दिन-रात बना मजबूत जुड़ाव है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को सलाह दी कि वे राज्य में सरकार बनाने के झूठे सपने देखना बंद करें और इस बात की चिंता करें कि आने वाले दिनों में उनके कितने नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले हैं।
दूसरी ओर, गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने पुष्टि की है कि शंकरसिंह वाघेला और उनके समर्थकों को पार्टी में शामिल करने को लेकर केंद्रीय आलाकमान से बातचीत चल रही है। चावड़ा ने कहा कि वाघेला हमेशा से भाजपा और आरएसएस की नीतियों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आवाज उठाते रहे हैं। वाघेला ने भी कांग्रेस नेतृत्व से बातचीत की बात स्वीकार की है। हालांकि, उनकी औपचारिक वापसी पर अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। चावड़ा का दावा है कि राज्य के कई अन्य राजनीतिक समूह और प्रमुख नेता भी कांग्रेस के संपर्क में हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें


