कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में दुकान पर विवाद के बाद पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले दुकान में पेट्रोल उड़ेला और फिर माचिस जलाने का प्रयास किया। इसके बाद पेट्रोल से भरी बोतल में कपड़े की बाती लगाकर आग लगाई और उसे दुकान की ओर फेंक दिया। बोतल फटने से दुकान में आग लग गई। हादसे में दुकान संचालक, उनके बेटे और बेटी झुलस गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
न्यू नेहरू कॉलोनी निवासी योगेंद्र सिंह राठौर (55) की मेला रोड स्थित 155 पीएनटी कॉलोनी में संतुष्टि स्टोर नाम से दुकान है। सोमेश उर्फ कोमेश विमल दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचा था। योगेंद्र सिंह ने माल नहीं होने की बात कही, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सोमेश ने दुकान के बाहर रखे डस्टबिन में लात मार दी। इसके बाद वह पेट्रोल डालने लगा, तो आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें: पति, पत्नी और ‘वो’ का हाईवोल्टेज ड्रामा: गैर-मर्द के साथ देख पति ने खोया आपा, पत्नी की धुनाई कर ‘आशिक’ की तोड़ दी स्कूटी!
इसी दौरान योगेंद्र की बेटी वैष्णवी और बेटा मनु उर्फ मनुर भी मौके पर पहुंच गए। आरोप यह भी है कि सोमेश एक बोतल में पेट्रोल भरकर लाया था और उसने दुकान में पेट्रोल डाल दिया। कुछ देर बाद वह पेट्रोल से भरी बोतल लेकर घर की बालकनी में पहुंचा। आरोप के मुताबिक, बोतल में कपड़े की बाती लगाकर आग लगाई और उसे नीचे दुकान की ओर फेंक दिया। बोतल फटने से दुकान में आग लग गई। इस दौरान मनु दुकान के अंदर फंस गया। उसे बचाने पहुंचे वैष्णवी और योगेंद्र भी झुलस गए।
आसपास के लोगों ने आग बुझाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर थाटीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाटीपुर थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, योगेंद्र सिंह राठौर की शिकायत पर सोमेश विमल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घायलों का मेडिकल कराया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में झुलसे लोगों के उपचार और मामले की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



