कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट के बीच पुलिस अधीक्षक कार्यालय से महज चंद कदम की दूरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। सिटी सेंटर में नगर निगम की स्मार्ट पार्किंग के सामने दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर फायरिंग किए जाने का आरोप है। युवक संदीप गुर्जर ने करीब आधा दर्जन लोगों पर गोली चलवाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खाली राउंड बरामद किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।

फायरिंग की यह घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर में नगर निगम स्मार्ट पार्किंग के सामने हुई। संदीप गुर्जर के मुताबिक, वह अपने ऑफिस के बाहर खड़े थे। इसी दौरान उन्होंने राहुल गुर्जर और सौरभ गुर्जर को आपस में झगड़ते देखा। दोनों के बीच विवाद होता देख संदीप बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी बीच सौरभ गुर्जर ने कुछ लोगों को मौके पर बुलाया और उनकी तरफ फायरिंग करवा दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।

ये भी पढ़ें: राजधानी में दिनदहाड़े लूट की कोशिश: घर में घुसकर बुजुर्ग पर बरसाए हथौड़े, केयरटेकर ही निकली मास्टरमाइंड!

कलेक्शन एजेंटों के बीच हुआ था विवाद

संदीप ने करीब आधा दर्जन लोगों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। वहीं मामले की जांच के लिए पहुंचे सीएसपी रवि भदौरिया के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में दो कलेक्शन एजेंटों के बीच विवाद की बात सामने आई है। विवाद की वजह एक मोटरसाइकिल बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस कराई गई मोटरसाइकिल को उसके मालिक ने दूसरी पार्टी को बेच दिया था। इसी बात को लेकर दोनों कलेक्शन एजेंटों के बीच विवाद हुआ।

बीच बचाव में हुई फायरिंग

इस दौरान संदीप गुर्जर बीच-बचाव करने पहुंचे, तभी विवाद के बीच फायरिंग होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद की असल वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से दो खाली राउंड जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m