कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में शादी की खुशियां उस वक्त बवाल में बदल गईं, जब दो कमरे खाली कराने की बात को लेकर रिश्तेदारों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि बारात निकलने से पहले ही लाठी-डंडे चल गए। हमले में दूल्हा, उसके माता-पिता समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल, मामला ग्वालियर के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के बिलारा गांव का है। जहां रहने वाला शिव सिंह अपनी शादी के लिए दिल्ली से गांव आया था। घर में बारात की तैयारियां जोरों पर थीं और मेहमानों की संख्या बढ़ने के कारण परिवार को दो कमरों की जरूरत थी। लेकिन उन कमरों में उसका चचेरा भाई बलराम अपनी पत्नी हेमा के साथ रह रहा था। आरोप है कि जब परिवार ने शादी की व्यवस्था के लिए कुछ समय के लिए कमरे खाली करने को लेकर कहा तो बात विवाद में बदल गई।
ये भी पढ़ें: युवक ने फांसी लगाकर दी जान: मोबाइल टावर में 200 फीट ऊपर चढ़कर की आत्महत्या, सुसाइड नोट नहीं मिलने से गहराया सस्पेंस
इसी बीच हेमा ने अपने भाई गिर्राज को बुला लिया। गिर्राज अपने साथी सूरज और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और बारात की तैयारियों में जुटे दूल्हे शिव सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दूल्हे को बचाने पहुंचे उसके पिता विजयराम, ताऊ रामेश्वर भी हमले का शिकार हो गए। वहीं बीच-बचाव करने पहुंची मां रामबेटी और बहन ममता के साथ भी मारपीट की गई। इस हमले में पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: ‘खाट पर सिस्टम’: एंबुलेंस न मिलने पर आदिवासी महिला को 2 किलोमीटर ढोया, इलाज से पहले तोड़ा दम
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

