वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के कल्याण बीघा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव में आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी ही पत्नी की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि यह खौफनाक वारदात मासूम बच्चों के सामने अंजाम दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

​बाइक बनाम घर का विवाद बना मौत की वजह

​मृतका की पहचान 26 वर्षीय कांता देवी के रूप में हुई है, जिसके पति का नाम मनु मांझी है। जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच एक नई बाइक खरीदने को लेकर जोरदार बहस हुई थी। पति का कहना था कि वह पहले पैसे जोड़कर बाइक खरीदेगा, जबकि पत्नी कांता देवी की जिद थी कि पहले पक्का घर बनाया जाए। देखते ही देखते यह मामूली पारिवारिक विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया।

​बच्चों के सामने गोलियों की गूंज

​झगड़ा जब अपने चरम पर था, तभी कमरे के अंदर से अचानक गोली चलने की भयानक आवाज सुनाई दी। फायरिंग की आवाज सुनकर जब घर के अन्य सदस्य और पड़ोसी कमरे की तरफ भागे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मृतका के पांचों छोटे बच्चे कमरे में बुरी तरह रो रहे थे और कांता देवी खून से लथपथ जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके सिर के पिछले हिस्से में गोली मारी गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

​परिजनों और पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही कल्याण बीघा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया है। मृतका की सास लाछो देवी का कहना है कि वह घटना के वक्त छत पर थीं और बच्चों के रोने की आवाज सुनकर नीचे आई थीं।
​थानाध्यक्ष निशा भारती ने बताया कि मुख्य आरोपी पति मनु मांझी को हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार के साथ दबोच लिया गया है। फिलहाल पुलिस को मृतका के परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पुलिस अपने स्तर पर भी इस मामले की गहन छानबीन कर रही है।