सत्या राजपूत, रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी), रायपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.टेक. (कृषि अभियांत्रिकी) एवं बी.टेक. (खाद्य प्रौद्योगिकी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित ऑनलाइन यूजी काउंसिलिंग-2026 के प्रथम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी रात्रि 11 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार काउंसिलिंग में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषयों के साथ 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण की हो। प्रवेश पी.ई.टी.-2026, जेईई-मेन्स-2026 अथवा 12वीं (गणित समूह) के अंकों के आधार पर किया जाएगा।

प्रवेश प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ अन्य राज्यों के पात्र अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं। हालांकि, अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के प्रवेश नियम-2026 के अनुसार राज्य के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग पूरी होने के बाद रिक्त बची सीटों पर 30 जुलाई 2026 को आयोजित काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।

ऑनलाइन पंजीयन करने वाले अभ्यर्थियों की प्रावीण्य (मेरिट) सूची 23 जुलाई 2026 को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 24 से 30 जुलाई 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीट आवंटन, दस्तावेजों का सत्यापन तथा प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय में संभावित तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए निर्धारित तिथि से पहले ही अपना ऑनलाइन पंजीयन पूरा कर लें। प्रवेश संबंधी विस्तृत विज्ञापन, काउंसिलिंग की समय-सारणी, दिशा-निर्देश, सीटों का विवरण तथा अन्य आवश्यक जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igkv.ac.in पर उपलब्ध है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H