कानपुर. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव के खिलाफ उनकी पत्नी और संस्थान की असिस्टेंट प्रोफेसर अन्वेष्णा श्रीवास्तव ने घरेलू हिंसा, दूसरी महिलाओं से कथित संबंध और वैवाहिक दुष्कर्म समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव ने सभी आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताया है.
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में योगी का संबोधन, सनातन, भारत की एकता और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का किया आह्वान
पत्नी ने लगाए कई गंभीर आरोप
एफआईआर के अनुसार, दोनों की शादी दिसंबर 2012 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2025 से दंपती के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा. पत्नी का दावा है कि दिसंबर 2025 में प्रोफेसर निशीथ ने स्वीकार किया था कि वर्ष 2022 में उन्होंने अपनी एक विवाहित पीएचडी छात्रा के साथ अपने कार्यालय में कई बार शारीरिक संबंध बनाए थे. इसके अलावा नवंबर 2025 से एक महिला प्रोफेसर के साथ भी कथित अनुचित संबंध होने का आरोप लगाया गया है.
मारपीट और धमकी देने का भी आरोप
शिकायत में कहा गया है कि 11 नवंबर 2025 को प्रोफेसर ने घर में तोड़फोड़ की, खौलती चाय फेंकी, शादी की तस्वीरें हथौड़े से तोड़ीं और चाकू दिखाकर डराया. वहीं 15 जनवरी 2026 को कथित रूप से पत्नी को जमीन पर पटककर कई थप्पड़ मारे. आरोप है कि यह घटना उनके छोटे बेटे के सामने हुई.
वैवाहिक दुष्कर्म और मानसिक उत्पीड़न का आरोप
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 4 जुलाई 2026 को पत्नी की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया गया. साथ ही घर में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी, रिश्तेदारों के साथ अभद्रता और आर्थिक बोझ डालने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं. फिलहाल पति-पत्नी संस्थान द्वारा आवंटित अलग-अलग आवासों में रह रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- जहर खाकर अस्पताल पहुंचा प्रेमी, मिलने आई प्रेमिका… फिर CCTV में कैद हुआ ऐसा नजारा कि मच गया बवाल
पुलिस जांच में जुटी, प्रोफेसर ने आरोपों से किया इनकार
एसीपी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि कल्याणपुर थाने में दर्ज एफआईआर की उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. वहीं प्रोफेसर निशीथ श्रीवास्तव ने जारी बयान में कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और जांच के दौरान सच्चाई सामने आ जाएगी. उन्होंने मीडिया से भी अपुष्ट आरोपों को सनसनीखेज तरीके से प्रस्तुत न करने की अपील की.


