पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संस्थापक इमरान खान से करीब नौ महीने बाद उनकी पत्नी बुशरा बीबी और बहन नूरीन नियाजी ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में मुलाकात की. PTI के संस्थापक इमरान खान 2023 से अडियाला जेल में हैं और उन पर भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इमरान खान को अपने परिवार से हर सप्ताह मिलने की अनुमति दी गई है.
रावलपिंडी की अडियाला जेल में पत्नी बुशरा बीबी और बहन नूरीन नियाजी से इमरान खान की मुलाकात इमरान के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.
इमरान खान की गिरती सेहत पर चिंता जताए जाने पर परिजनों को हर हफ्ते मिलने की अनुमति सुप्रीम कोर्ट ने दी. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट आदेश दिया है कि इस मुलाकात का इस्तेमाल किसी भी तरह के राजनीतिक फायदे या बयानबाजी के लिए नहीं किया जाएगा. चेतावनी दी गई है कि नियम का उल्लंघन होने पर दी गई राहत वापस ली जा सकती है.
जानकारी के मुताबिक, इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी के बीच भी कॉन्फ्रेंस रूम में करीब 35 से 40 मिनट तक मुलाकात हुई. वहीं, बहन नूरीन नियाजी ने इस साल पहली बार इमरान खान से करीब 15 मिनट तक मुलाकात की. नूरीन ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश की जानकारी भी दी, जिसमें उन्हें मेडिकल जांच के लिए शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने को कहा गया है.
इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया था कि इमरान खान को मेडिकल इलाज के लिए दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जाए और उन्हें 16 सितंबर तक वहीं रखा जाए. क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान अभी भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

