IPL 2026 Playoffs: आईपीएल सीजन 19 का लीग चरण अपने अंतिम पड़ाव पर है और क्रिकेट प्रेमियों का रोमांच सातवें आसमान पर है। टूर्नामेंट का सबसे अहम और नॉकआउट चरण यानी प्लेऑफ मुकाबले बेहद करीब हैं। इस बार प्लेऑफ के मुकाबलों की मेजबानी तीन अलग-अलग शहरों को सौंपी गई है, जिसकी शुरुआत 26 मई को होने वाले पहले क्वालीफायर से होगी। इसके बाद एलिमिनेटर और दूसरे क्वालीफायर के पड़ाव को पार करते हुए 31 मई को इस सीजन का महामुकाबला (फाइनल) खेला जाएगा।

बारिश होने पर कैसे होगा विजेता का फैसला ?

इस बीच, मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए खेल प्रेमियों के मन में यह सवाल लगातार बना हुआ है कि अगर प्लेऑफ के मैच बारिश की वजह से धुलता है, तो फिर अगले चरण में जाने वाली टीम का फैसला कैसे होगा? अगर आप भी यही सोच रहे हैं और इसके गणित को समझना चाहते हैं, तो आइए इसके नियमों के बारे में विस्तार से जानते हैं।

तीन अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएंगे प्लेऑफ के मैच

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस बार प्लेऑफ के वेन्यू में नयापन लाया है:

पहला क्वालीफायर (26 मई): धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाएगा।

एलिमिनेटर और दूसरा क्वालीफायर: इन दोनों ही महत्वपूर्ण मैचों की मेजबानी न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को मिली है।

फाइनल (31 मई): चमचमाती ट्रॉफी के लिए अंतिम जंग अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लड़ी जाएगी।

बारिश बनी विलेन तो क्या हैं नियम? आईसीसी से अलग है IPL का कानून

मई के महीने में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशंसकों और टीमों के जहन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि अगर प्लेऑफ मैचों में बारिश ने खलल डाला, तो विजेता का फैसला कैसे होगा?

आमतौर पर आईसीसी (ICC) के बड़े टूर्नामेंट्स में सभी नॉकआउट मैचों के लिए एक ‘रिजर्व डे’ (सुरक्षित दिन) रखा जाता है, लेकिन आईपीएल के नियम इससे बिल्कुल जुदा हैं। आईपीएल के नियमों के मुताबिक, पहले क्वालीफायर, एलिमिनेटर और दूसरे क्वालीफायर मैच के लिए कोई भी रिजर्व डे नहीं रखा गया है। रिजर्व डे का प्रावधान केवल 31 मई को होने वाले फाइनल मैच के लिए ही लागू है।

सुपर ओवर या अंक तालिका? ऐसे निकलेगा परिणाम

यदि धर्मशाला या चंडीगढ़ में मैच के दौरान बारिश आती है, तो मैच अधिकारियों और अंपायरों के पास विजेता तय करने के लिए चरणबद्ध नियम मौजूद हैं:

1. 120 मिनट का अतिरिक्त समय और 5-5 ओवर का खेल: अगर बारिश के कारण मैच समय पर शुरू नहीं हो पाता है, तो मैच ऑफिशियल्स उसी दिन मुकाबला पूरा कराने का हरसंभव प्रयास करेंगे। इसके लिए खेल के निर्धारित समय के बाद भी 120 मिनट (2 घंटे) का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इस दौरान कटौती करके कम से कम 5-5 ओवरों का मैच कराने की कोशिश की जाएगी।

2. खेल पूरी तरह धुलने पर अंक तालिका बनेगी सहारा: यदि अतिरिक्त समय के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होता, न्यूनतम 5 ओवर का खेल भी संभव नहीं हो पाता है या कोई नतीजा नहीं निकलता, तो फैसला अंक तालिका (Points Table) के आधार पर होगा। नियम के अनुसार, लीग स्टेज की अंक तालिका में जो टीम बेहतर स्थान (उच्च रैंक) पर होगी, उसे विजेता घोषित कर दिया जाएगा।

उदाहरण से समझें गणित:

मान लीजिए पहला क्वालीफायर टीम ‘A’ और टीम ‘B’ के बीच खेला जा रहा है। यदि लीग स्टेज की अंक तालिका में टीम ‘A’ पहले या दूसरे स्थान पर थी और टीम ‘B’ तीसरे या चौथे स्थान पर है, और मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है, तो बेहतर पोजीशन के आधार पर टीम ‘A’ को बिना खेले सीधे फाइनल का टिकट मिल जाएगा। यही नियम एलिमिनेटर और दूसरे क्वालीफायर मैच पर भी पूरी तरह लागू होगा।

ऐसे में स्पष्ट है कि लीग स्टेज में टॉप-2 या शीर्ष पर रहने वाली टीमों को न सिर्फ दो मौके मिलने का फायदा होगा, बल्कि मौसम खराब होने की स्थिति में भी वे सीधे तौर पर फायदे में रहेंगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H