Jharkhand Top News : झारखंड में मंगलवार को कई अहम खबरें सामने आईं। केंद्र के MMDR Amendment Act, 2026 को चुनौती देने के लिए राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में है। वहीं 14वीं JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में आरोपी लालू कुमार यादव की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई। ऊर्जा निगम से जुड़े 109 करोड़ रुपये के कथित बैंक फ्रॉड की जांच में भी कई अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। इधर पिपरवार में सड़क हादसे में 75 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता की मौत हो गई, सारठ में उद्घाटन से पहले ही करोड़ों के पुल का गार्डवाल धंस गया, जबकि जमशेदपुर में टाटा स्टील कर्मी के बंद क्वार्टर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी हो गई। पढ़िए झारखंड की दिनभर की 6 बड़ी खबरें…

  1. MMDR Amendment Act: केंद्र के संशोधित कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी झारखंड सरकार

रांची। झारखंड सरकार ने केंद्र के MMDR Amendment Act, 2026 को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने इस मामले में कानूनी कदम आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के मुताबिक, संशोधित कानून का असर खनिज सेस से होने वाली राज्य की संभावित आय और पुराने बकाये के दावे पर पड़ सकता है। सरकार इसी को लेकर कानूनी विकल्पों पर आगे बढ़ रही है।

  1. JPSC Exam Case: 14वीं JPSC मामले में लालू कुमार यादव को राहत नहीं, अग्रिम जमानत याचिका खारिज

रांची। झारखंड की 14वीं JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच अब अभ्यर्थियों, पैसों के लेनदेन और परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों तक पहुंच रही है। मामले में आरोपी लालू कुमार यादव को अदालत से राहत नहीं मिली है। 21 सितंबर को विशेष अदालत ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

सुनवाई के दौरान CID ने लालू कुमार यादव की कथित भूमिका से जुड़े कई साक्ष्य अदालत के सामने रखे। जांच एजेंसी मामले में सामने आई कड़ियों की पड़ताल कर रही है।

  1. Jharkhand Bank Fraud: ऊर्जा निगम में 109 करोड़ के बैंक फ्रॉड से हड़कंप, 40.50 करोड़ की रकम फर्जी खाते में ट्रांसफर

रांची। झारखंड ऊर्जा विकास निगम और झारखंड ऊर्जा उत्पादन निगम से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित बैंक फ्रॉड ने वित्तीय व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। विभागीय जांच में सामने आया है कि निगम की 57.16 करोड़ रुपये की तीन एफडी समय से पहले तोड़ दी गईं, जिनमें से 40.50 करोड़ रुपये कथित तौर पर एक फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए।

जांच में फर्जी एफडी प्रमाणपत्र, बैंक खातों के सत्यापन में लापरवाही और निर्धारित प्रक्रिया से अलग तरीके से निवेश संबंधी फैसले लिए जाने की बात सामने आई है। मामले में निगम के तीन वित्त अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं पूरे 109 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड की CID जांच भी जारी है।

  1. Piparwar Accident: सीआईएसएफ जवानों की बस और ओमनी में भीषण टक्कर, 75 वर्षीय रामचंद्र उरांव की मौत

पिपरवार (रांची)। पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो पंचायत अंतर्गत चिरैयाटांड़ में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 75 वर्षीय रामचंद्र उरांव की मौत हो गई। पिपरवार-टंडवा मुख्य ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर शिवम ट्रांसपोर्ट के जानकी गैरेज के पास सीआईएसएफ जवानों को ड्यूटी पर ले जा रही निजी शिफ्ट बस और मारुति ओमनी के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे में ओमनी सवार रामचंद्र उरांव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वे सेवानिवृत्त CCL कर्मी और रैयत विस्थापित मोर्चा के पिपरवार अध्यक्ष थे। इसके अलावा वे कारो महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। हादसे की खबर के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

  1. Deoghar Bridge News: उद्घाटन से पहले ही धंसा 3.25 करोड़ का पुल, एप्रोच पथ में दरार

सारठ (देवघर)। सारठ प्रखंड के पलमा पंचायत में करीब 3.25 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल उद्घाटन से पहले ही सवालों के घेरे में आ गया है। आमडंगाल से कुशमाहा के बीच जोरिया पर करीब आठ माह पहले बने पुल का गार्डवाल धंस गया है।

इसके अलावा एप्रोच पथ में भी दरारें दिखाई देने लगी हैं। करोड़ों की लागत से तैयार निर्माण में इतनी जल्दी क्षति सामने आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। पूरे मामले की जांच की मांग की जा रही है।

  1. Jamshedpur Crime: टाटा स्टील कर्मी के बंद क्वार्टर में दिनदहाड़े चोरी, 50 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े चोर

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े टाटा स्टील कर्मी के बंद क्वार्टर को निशाना बनाया। चोर पीछे की चहारदीवारी फांदकर घर में दाखिल हुए और अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। मामले में संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।