इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में शराब बिक्री को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शराब बेचने के आरोप में पकड़ा गया एक व्यक्ति खुद को खंडवा विधायक कंचन तनवे का भांजा बता रहा है। वह विधायक कंचन तनवे को मामी और उनके पति मुकेश तनवे को मामा बताते हुए उनसे बात कराने की बात कह रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में व्यक्ति अपना नाम सदानंद और खिड़गांव का रहने वाला बता रहा है। ये ठेके की शराब को डायरी पर बेचता है। वहीं विधायक ने साफ कहा है कि इस युवक से उनका कोई लेना देना नहीं, वह इस युवक को जानती तक नहीं है। उन्होंने कहा कि, ये जो भी है इस पर कार्रवाई करना चाहिए। इधर, अवैध शराब के खिलाफ समाजसेवी ममता मोरे और महिलाओं ने मोर्चा खोल रखा है। मामले को लेकर विधायक कंचन मुकेश तनवे ने साफ कहा है कि अवैध कारोबार करने वाला कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में अवैध अफीम खेती केस में जांच फेल! 4 साल में नहीं मिला असली जिम्मेदार, कोर्ट ने लगाई फटकार
विधायक बोलीं- रिश्तेदारी के नाम पर किसी को संरक्षण नहीं
विधायक ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और रिश्तेदारी के नाम पर किसी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। वीडियो में जो युवक खुद को मेरा भांजा बता रहा है, उससे मेरा कोई लेनदेना नहीं है। खंडवा विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका एक ही भांजा है और यदि उनका सगा भांजा भी अवैध कारोबार में लिप्त पाया जाता, तो वह खुद प्रशासन से उसके खिलाफ कार्रवाई करने को कहतीं।
MLA ने कार्रवाई की अपील की
उन्होंने प्रशासन से बिना किसी दबाव के अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल वायरल वीडियो में खुद को विधायक का भांजा बताने वाले व्यक्ति के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विधायक ने भी स्पष्ट किया है कि उनका इस व्यक्ति से कोई लेना-देना नहीं है ।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


