अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में अब अवैध शराब का कारोबार इस कदर बेखौफ हो चुका है कि किराना दुकानों और मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की आड़ में खुलेआम देशी-विदेशी शराब बेची जा रही है। किराने के सामान के साथ ग्राहकों को शराब भी आसानी से उपलब्ध कराई जा रही थी। इसी अवैध कारोबार पर मास्टर स्ट्रोक करते हुए सोहागपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने रेड मारकर 100 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटमा पपोल टोला निवासी श्याम किशोर चौरसिया अपनी किराना और मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस ने कोटमा तिराहा हाईवे स्थित पपोल तालाब के सामने संचालित मोटर साइकिल रिपेयरिंग और किराना दुकान पर दबिश दी। इस छापेमारी के दौरान दुकान में रखी प्लास्टिक की चार बोरियों से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी ब्रांडेड शराब बरामद हुई।
जांच में कुल 100 लीटर शराब जब्त की गई, पुलिस ने आरोपी श्याम किशोर चौरसिया से शराब रखने और बेचने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई भी अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर कार्यवाही की है।

