अमित पाण्डेय, डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम मुरमुंदा में प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण और शासकीय भूमि की सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए तालाब किनारे किए जा रहे अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर हटा दिया। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।


बताया जा रहा है कि मुरमुंदा तालाब के किनारे अवैध रूप से दुकान निर्माण किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार द्वारा संबंधित व्यक्ति को निर्माण कार्य रोकने और तय समय-सीमा में भूमि खाली करने का नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके निर्माण नहीं रोका गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की।

स्थानीय लोगों के अनुसार मुरमुंदा तालाब केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि पक्षियों का महत्वपूर्ण आश्रय स्थल भी है। वर्षभर यहां कई स्थानीय और प्रवासी पक्षियों का डेरा रहता है। यही वजह है कि तालाब क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर पक्षी प्रेमियों और पर्यावरण से जुड़े संगठनों में चिंता बढ़ रही थी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के नागरिकों, पक्षी प्रेमियों और सामाजिक संस्था “प्रकृति” के सदस्यों ने राहत जताई है। लोगों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो तालाब का प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता प्रभावित हो सकती थी।
स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व अमले की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जिले में तालाबों, जल स्रोतों और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों को बचाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

