भिवानी। हरियाणा के भिवानी से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को पैसों को कई गुना करने का लालच देकर 5 करोड़ रुपए ठग लिए गए। ठगों ने पीड़ित को अपनी बातों में फंसाकर नगदी के साथ-साथ भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने भी ऐंठ लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है।

बाबा की चमत्कारी शक्ति का दिया झांसा

भिवानी के चिड़ियाघर रोड निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को बताया कि जून 2025 में उनकी मुलाकात बिहार के रहने वाले शत्रुघन नाम के व्यक्ति से हुई थी। धीरे-धीरे शत्रुघन का बलवान के घर आना-जाना शुरू हो गया। सितंबर 2025 में शत्रुघन ने बलवान को राजस्थान के एक ध्यान योग केंद्र के आनंद स्वामी के बारे में बताया। उसने दावा किया कि यह बाबा अपनी खास शक्ति से रुपयों को कई गुना बढ़ा देता है। शत्रुघन के झांसे में आकर बलवान सिंह बाबा से मिलने के लिए तैयार हो गए।

देहरादून बुलाकर किया सम्मोहन

बलवान सिंह को बाबा से मिलवाने के लिए 30 सितंबर 2025 को देहरादून बुलाया गया। वहां करीब 5 दिन के इंतजार के बाद उनकी मुलाकात बाबा से कराई गई। बाबा ने बलवान को अपने जाल में फंसाने के लिए कुछ वीडियो और दस्तावेज दिखाए। इसके बाद बाबा ने सम्मोहन यानी दिमाग को अपने वश में करने की कला का इस्तेमाल किया। बाबा ने बलवान के सामने हवा से 500-500 रुपए के नोटों की गड्डियां निकालकर दिखाईं, जो करीब 2 लाख रुपए थे। बाबा ने बलवान को उसमें से एक नोट उठाने को भी कहा, जिससे बलवान को उसकी बातों पर पूरा भरोसा हो गया।

विदेश से सामान मंगाने के नाम पर मांगे 5 करोड़

आरोपी बाबा ने बलवान सिंह से कहा कि किस्मत बदलने के लिए एक बड़ा हवन करना पड़ेगा। इस हवन की सामग्री विदेश से आएगी, जिस पर 5 करोड़ रुपए का खर्च होगा। बाबा ने दावा किया कि इस हवन के पूरा होते ही उसकी शक्ति से 4700 करोड़ रुपए मिलेंगे। सम्मोहन के असर में आकर बलवान सिंह ने हवन के लिए 1 करोड़ 49 लाख रुपए नकद, 2 किलो सोने के गहने और 15 किलो चांदी के आभूषण बाबा को सौंप दिए।

भिवानी आकर भी ले गए नगदी और सोना

ठगी का यह खेल यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने 19 दिसंबर 2025 से 22 दिसंबर 2025 के बीच बलवान सिंह से 12 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इसके बाद 22 दिसंबर 2025 को 6 लाख रुपए और ऑनलाइन मंगाए गए। इसके बाद आरोपी भिवानी में पीड़ित के घर पहुंचे और वहां भी 25 लाख रुपए नकद और 1 किलो सोने के गहने ले गए। पीड़ित का आरोप है कि बाद में कुछ लोगों ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश भी की। आरोपियों से आखिरी बार 23 अप्रैल को फोन पर बात हुई थी। भिवानी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।