पवन राय, मंडला। जिले के पिंडरई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साप्ताहिक बाजार में 25 अप्रैल को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने ‘पारधी गैंग’ के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 बालिग और 2 नाबालिग शामिल हैं।

25 अप्रैल को साप्ताहिक बाजार में सोने-चांदी का व्यापारी दुकान लगा रहा था। तभी एक अज्ञात आरोपी उसका बैग उठा ले गया। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदेही को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पूरे गैंग का राज खोल दिया।

पुलिस टीम सीहोर पहुंची और बाकी 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। चोरी का सामान पिंडरई में ही छिपाया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने 50 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर, एक अल्टो कार और दो पहिया वाहन जब्त किए हैं। 

आईजी बालाघाट ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 30 हजार का इनाम रखा था। सराहनीय कार्य के लिए आईजी ने जांच टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।पुलिस अब जांच कर रही है कि यह गैंग और किन घटनाओं में शामिल है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m