सतीश सिंह, वाराणसी. वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर अपनी असली पहचान और धर्म छिपाकर हिंदू नाम से शादी करने, पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और दुष्कर्म करने जैसे गंभीर आरोप हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को सन्नी सिंह बताता था, जबकि उसका वास्तविक नाम सलमान खान है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर दर्ज मुकदमे में सिगरा थाना पुलिस ने शुक्रवार को उसे श्रीराम कॉम्प्लेक्स के पास से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर आरोप है कि उसने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपनी पहचान बदली और हिंदू नाम अपनाकर पीड़िता से विवाह किया. बाद में उस पर धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और दुष्कर्म करने का भी आरोप लगा. मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की धाराएं भी लगाई गई हैं.
इसे भी पढ़ें : अंकित कश्यप हत्याकांड के बाद बवाल! पुलिस पर पथराव मामले में 33 पर FIR, 3 दरोगा घायल
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी सिंह उर्फ सलमान खान (32 वर्ष) पुत्र मकबूल खान के रूप में हुई है. उसका स्थायी पता रामापुरा नई बस्ती, थाना लक्सा और अस्थायी पता बालाजी अपार्टमेंट, निराला नगर, थाना सिगरा बताया गया है. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है. उसके खिलाफ वर्ष 2021 और 2024 में मारपीट, धमकी और अन्य मामलों में भी मुकदमे दर्ज हैं. वर्तमान मामला उसके खिलाफ दर्ज तीसरा आपराधिक मुकदमा है.
यह गिरफ्तारी पुलिस आयुक्त के अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन और एसीपी चेतगंज के निर्देशन में की गई. प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में सिगरा थाना पुलिस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.


