अभय मिश्रा, मऊगंज। मऊगंज जिले के हनुमना से एक गंभीर मामला सामने आया है। आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती आयोजित होनी है, लेकिन उससे ठीक पहले हनुमना स्थित गांधी पार्क में स्थापित बापू की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। केवल इतना ही नहीं, परिसर के समीप स्थित मंदिर में विराजी नंदी जी की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचाया गया।

मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पूर्व विधायक ने आरोपियों पर कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि “गांधी जी थे, गांधी जी हैं और गांधी जी रहेंगे। हम उनकी प्रतिमा फिर से स्थापित करेंगे।

ये भी पढ़ें: खंडवा में धूमधाम से हो रही बप्पा की विदाई: मंत्री विजय शाह ने की भगवान गणेश की आरती, क्रेन पर चढ़कर विसर्जन स्थल का जायजा

पूर्व विधायक के 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सचि पाठक ने तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को कार्रवाई का आधार बनाते हुए पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m