कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के बाहर MBBS छात्रों के बीच जबरदस्त विवाद हुआ। छात्रा पर अभद्र टिप्पणी करने के विरोध में एक छात्र का सिर फोड़ दिया गया। मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए पांच MBBS छात्रों को निलंबित करते हुए आगे की जांच कर दी गयी है।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज में MBBS के छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया था। MBBS 2025 की छात्रा पर अभद्र टिप्पणी किये जाने को लेकर यह विवाद हुआ था।आरोप है कि उसके बैच के ही MBBS छात्र सोनू शर्मा, ध्रुव रोकड़े, सब्रान्त, वेदांत और तरुण कुमार ने छात्रा पर अभद्र टिप्पणी की थी। जब साथी छात्र श्रेयांश गुप्ता ने बीच बचाव किया तो आरोपी छात्र आगबबूला हो गए।
क्लास खत्म होते ही पांचों छात्रों ने श्रेयांश को कॉलेज परिसर में घेर लिया। सभी ने मिलकर उसकी मारपीट की। तभी सोनू शर्मा ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया। जिससे उसका सिर फट गया। श्रेयांश के साथी छात्र उसे तत्काल ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। मामले में GR मेडिकल कॉलेज ने सख्त एक्शन लिया है।
कॉलेज परिसर में अनुशासनहीनता, उपद्रव और मारपीट करने के मामले में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ RKS धाकड़ द्वारा आगामी आदेश तक सभी आरोपी पांचों छात्रों को शैक्षणिक गतिविधियों से निलंबित कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

