अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया गया है। दरिंदगी की इंतेहा पार करने के बाद आरोपी पीड़िता को अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पीड़िता की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
गंभीर हालत में पीड़िता का इलाज जारी
जानकारी के अनुसार, घटना विजयीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए गैंगरेप पीड़िता को अत्यंत गंभीर और नाजुक स्थिति में इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम की देखरेख में उसका सघन उपचार चल रहा है।
पीड़िता की मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी
इस खौफनाक वारदात के बाद पीड़िता की लाचार और विधवा मां ने हिम्मत जुटाकर स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता की मां के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रोती-बिलखती मां ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों को दबोचने के लिए अलग अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस तरह के जघन्य अपराध (गैंगरेप) को अंजाम देने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल पूरी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: पूर्व सरपंच के बेटे की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, रविवार की शाम से लापता था युवक

