दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: कल (05 मई 2026) की खबरों में राघव चड्ढा ने AAP के खिलाफ किया बड़ा दावा, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के बिना नहीं मिलेगी बोरवेल NOC, केजरीवाल, सिसोदिया और दुर्गेश पाठक के लिए नियुक्त होंगे एमिकस, MCD के फैसले से व्यापारियों को राहत प्रमुख रहा।

राघव चड्ढा ने AAP के खिलाफ किया बड़ा दावा
BJP के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने सांसदों संदीप पाठक(Sandeep Pathak) और अशोक मित्तल (Ashok Mittal) के साथ मिलकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) से मुलाक़ात की और AAP के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा कुछ सांसदों के ख़िलाफ़ की जा रही कार्रवाई को लेकर अपनी चिंताएँ ज़ाहिर कीं। मीडिया से बातचीत में राघव चड्ढा ने कहा, “हमने राष्ट्रपति को बताया कि पंजाब सरकार किस तरह उन सांसदों के ख़िलाफ़ बदले की खतरनाक राजनीति के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है, जिन्होंने AAP छोड़कर BJP में शामिल होने का फ़ैसला किया।”

रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के बिना नहीं मिलेगी बोरवेल NOC
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गर्मियों के दौरान राजधानी में पानी की संभावित कमी से निपटने के लिए दिल्ली जल बोर्ड के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और हर क्षेत्र तक निर्बाध पेयजल पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई अहम फैसलों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान 1314 एमजीडी (मिलियन गैलन प्रतिदिन) अतिरिक्त पानी की व्यवस्था करने, नए ट्यूबवेल लगाने और करीब 1300 पानी के टैंकर तैनात करने की योजना पर विस्तार से विचार किया गया। सरकार का उद्देश्य गर्मी के चरम समय में किसी भी इलाके में पानी की कमी न होने देना है।

केजरीवाल, सिसोदिया और दुर्गेश पाठक के लिए नियुक्त होंगे एमिकस
दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में चल रहे एक मामले में जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने बड़ा आदेश दिया है। अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal), पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) और नेता दुर्गेश पाठक (Durgesh Pathak) से जुड़े मामले में उनके लिए एमिकस (न्याय मित्र) नियुक्त करने का फैसला किया है। अदालत ने कहा कि तीनों नेताओं की ओर से दलीलें पेश करने के लिए तीन वरिष्ठ अधिवक्ताओं को नियुक्त किया जाएगा, जो उनके पक्ष को न्यायालय के समक्ष रखेंगे।

MCD के फैसले से व्यापारियों को राहत
राजधानी Delhi के एक लाख से अधिक व्यापारियों को बड़ा फायदा देने वाला फैसला MCD ने लिया है. अब जनरल ट्रेड लाइसेंस (GTL) और भंडारण (स्टोरेज) लाइसेंस का शुल्क संपत्ति कर के साथ ही जमा किया जा सकेगा. नगर निगम के इस निर्णय के तहत व्यापारियों को अलग-अलग भुगतान की झंझट से राहत मिलेगी. नई व्यवस्था में उन्हें अपनी संपत्ति के वार्षिक प्रॉपर्टी टैक्स का कुल 15 प्रतिशत अतिरिक्त राशि के रूप में जनरल ट्रेड लाइसेंस और भंडारण शुल्क के तौर पर जमा करनी होगी.
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
बंगाल में TMC की हार पर CM रेखा गुप्ता : पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की अगुवाई वाली TMC की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भाजपा की जीत नहीं, बल्कि “बंगाल के भविष्य की जीत” बताया है। CM रेखा गुप्ता ने कहा कि वर्षों तक अत्याचार और दुराचार झेलने वाली बंगाल की जनता ने जब बदलाव का मन बना लिया, तो उन्होंने डर को पीछे छोड़कर जीत की राह चुनी। उनका कहना था कि यह जनादेश परिवर्तन और बेहतर शासन की उम्मीद का प्रतीक है। गौरतलब है कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में BJP ने 206 सीटें जीतकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। (पढ़े पूरी खबर)
लाल किला ब्लास्ट केस: दिल्ली हाई कोर्ट ने जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 23 जुलाई को तय की गई है। जसीर, नवंबर 2025 के दिल्ली विस्फोट मामले में आरोपी है। उसने फरवरी 2026 में विशेष एनआईए अदालत द्वारा जांच अवधि को 90 दिनों से आगे बढ़ाने के फैसले को चुनौती दी है। इसके अलावा उसने अपनी जमानत याचिका खारिज किए जाने के आदेश के खिलाफ भी हाई कोर्ट का रुख किया है। पटियाला हाउस कोर्ट स्थित विशेष NIA अदालत ने पहले ही उसकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया था, जिसके बाद अब आरोपी ने उच्च न्यायालय में अपील दायर की है। (पढ़े पूरी खबर)
सांसदों के दलबदल पर केजरीवाल की कड़ी प्रतिक्रिया: आम आदमी पार्टी (AAP) के कथित तौर पर सात सांसदों के BJP में शामिल होने की खबरों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने इस मुद्दे पर कड़ा हमला बोलते हुए बीजेपी पर “सीट चोरी” का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो यह लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है और उनकी पार्टी इसका जवाब आने वाले समय में देगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी अगले साल इसका “राजनीतिक जवाब” देगी। (पढ़े पूरी खबर)
संजय भंडारी की संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने हथियार डीलर संजय भंडारी की कुछ संपत्तियों को जब्त करने की मंजूरी दे दी है। संजय भंडारी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया जा चुका है। ED ने अदालत में भारत और विदेश में स्थित उनकी संपत्तियों की सूची प्रस्तुत करते हुए जब्ती की मांग की थी।मामले की सुनवाई के दौरान विशेष न्यायाधीश संजय जिंदल की अदालत ने कई संपत्तियों को जब्त करने की अनुमति दी। अदालत ने संपत्तियों को दो श्रेणियों सूची A और सूची B में विभाजित किया है।सूची B में शामिल संपत्तियों पर 18 जुलाई को अगली सुनवाई में विचार किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 30 ट्रेनों को शिफ्ट करने की तैयारी: राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (New Delhi Railway Station) से करीब 30 ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर शिफ्ट करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, इन ट्रेनों की पहचान कर ली गई है और साथ ही उन वैकल्पिक स्टेशनों को भी चिन्हित किया गया है, जहां से इनका संचालन किया जाएगा। इस कदम का मुख्य उद्देश्य नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करना और यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

