भोपाल। MP Board Result 2026 LIVE: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। 10वीं कक्षा में पन्ना जिले की सरस्वती स्कूल की प्रतिभा सोलंकी टॉपर बनी हैं। उन्होंने 500 में से 499 अंक हासिल किए हैं। वहीं 12वीं में कॉमर्स ग्रुप की खुशी राय ने टॉप किया है। उनके साथ चांदनी विश्वकर्मा भी प्रथम आई हैं। दोनों को 494 अंक मिले हैं।
12वीं में ये रहे टॉपर
आर्ट ग्रुप में मुरैना की श्रुति तोमर और छतरपुर की आकाश अहिरवार टॉपर रही हैं। दोनों के 489 नंबर आए हैं।
गणित ग्रुप में सीहोर के श्लोक प्रजापति टॉपर रहे जिन्होंने 493 नंबर हासिल किए।
कॉमर्स में भोपाल की चांदनी विश्वकर्मा और भोपाल की खुशी राय टॉपर रहीं जिन्हें 494 नंबर मिले हैं।
कृषि में शिवपुरी की तुलसी राजावत और शिवपुरी की चंचल कुशवाह 493 नंबर के साथ टॉप पर हैं।
होम साइंस में छतरपुर की शाइस्ताह कुरैशी 485 नंबर के साथ टॉप पर हैं।
जीव विज्ञान में इंदौर की तन्वी कुमावत ने टॉप किया जिन्हें 492 नंबर मिले।
इस साल हायर सेकंडरी परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी। जिसमें कुल 6 लाख 89 हजार 746 परीक्षार्थी शामिल हुए। रेगुलर परीक्षार्थियों की संख्या 6 लाख 13 हजार 634 और प्राइवेट परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या 76 हजार 112 रही है।
76.01 प्रतिशत रेगुलर परीक्षार्थी पास हुए हैं और 30.60 प्रतिशत प्राइवेट परीक्षार्थी पास हुए हैं। यह परीक्षा परिणाम बीते 16 सालों में सर्वश्रेष्ठ है। रेगुलर छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 72.39 और रेगुलर छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 75. 41 परसेंट रहा। सरकारी स्कूलों का प्रतिशत 80.43 और प्राइवेट स्कूलों का 69. 6 प्रतिशत रहा है।
मेरिट लिस्ट में 158 छात्राओं और 63 छात्रों (कुल 221) को जगह मिली है। मेरिट में इस साल भी छात्राओं को छात्रों की तुलना में ज्यादा जगह मिली है। सबसे ज्यादा पास प्रतिशत झाबुआ जिले का 93.23 प्रतिशत रहा है और दूसरा जिला अनूपपुर का 93.04 प्रतिशत रहा है। इस साल किसी भी छात्र का परीक्षाफल पूरक घोषित नहीं किया गया है। कुल 1 लाख 99 हजार 599 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप इस वर्ष से पूरक परीक्षा के स्थान पर द्विती अवसर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण अनुपस्थित या ऐसे विद्यार्थी जो पास हैं लेकिन अपने अंक में सुधार चाहते हैं, वे 7 मई 2026 से आयोजित होने वाली दूसरे अवसर के परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। इस साल हायर सेकेण्डरी परीक्षा में कुल 71 नकल प्रकरण बने हैं।
छात्र MPBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकेंगे। वहीं साइट क्रैश होने पर SMS के जरिए भी अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकेंगे।
पढ़ें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
वेबसाइट क्रैश से हो तो कैसे चेक करें रिजल्ट?
कई बार बड़ी संख्या में लोगों के रिजल्ट चेक करने की वजह से वेबसाइट क्रैश हो जाती है। जिसकी वजह से उन्हें अपना परिणाम जानने के लिए छात्रों को काफी इंतजार करना पड़ता है। लेकिन आप उसकी चिंता मत कीजिए। वेबसाइट क्रैश से बचने के लिए आप अन्य कई तरीकों से अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
SMS के जरिए भी मोबाइल पर पा सकते हैं रिजल्ट
छात्र अपना परिणाम एमपी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट्स पर देख सकेंगे। स्टूडेंट्स www.mpbse.nic.in या mpresults.nic.in या साइट पर जाकर रिजल्ट चेक करे सकेंगे। इसके अलावा डिजिलॉकर और MP Mobile एप पर भी रिजल्ट चेक देख सकते हैं। अगर वेबसाइट क्रैश होती है तो एसएमएस पर स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट चेक कर पाएंगे। इसके लिए MPBSE10 रोल नंबर या MPBSE12 रोल नंबर टाइप कर 56263 पर भेजना होगा, जिसके कुछ देर बाद परिणाम स्क्रीन पर आ जाएगा।
एप पर भी देख सकते हैं रिजल्ट
छात्र मोबाइल ऐप पर भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं। स्टूडेंट्स Digilocker के माध्यम से भी परीक्षा परिणाम देख सकेंगे। इसके साथ Google Play Store, MPBSE MOBILE App या MP Mobile App Download कर Know Your Result पर भी परिणाम दिखेगा।
पिछले साल टूटा था 15 साल का रिकॉर्ड
पिछली बार 15 सालों का रिकॉर्ड टूटा था। 10वीं टॉपर सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल बनी थीं। प्रज्ञा ने 500 में 500 अंक हासिल किए थे। वहीं 12वीं में सतना की रहने वाली प्रियल ने सबसे अधिक नंबर 500 में से 492 हासिल किए थे।
2024 में ऐसा था रिजल्ट
साल 2024 में 24 अप्रैल को रिजल्ट जारी हुआ था। बीते साल एमपी बोर्ड 12वीं रिजल्ट में 64.49 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए थे। वहीं एमपी बोर्ड 10वीं में 58.10 फीसदी पास हुए थे।

