इमरान खान, खंडवा। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की हिरासत में एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के खंडवा के रहने वाले इमरान शेख के रूप में हुई है। घटना के बाद महाराष्ट्र CID ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है।
बताया जा रहा है कि, इमरान शेख (35) करीब दो दिन पहले नौकरी की तलाश में मुंबई आया था। 20 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:18 बजे वह CSMT स्थित RPF की मुख्य पोस्ट पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह खंडवा जाने वाली ट्रेन के बारे में जानकारी लेने आया था। RPF के मुताबिक, उस समय इमरान की हालत असामान्य थी। उसने कथित तौर पर कहा कि कुछ लोग उसे मारने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और उसने RPF के एक सब-इंस्पेक्टर पर हमला करने की कोशिश की। RPF का दावा है कि खुद को या दूसरे लोगों को चोट पहुंचाने से रोकने के लिए उसे काबू में किया गया।
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
घटना के बाद इमरान के परिजनों ने RPF कर्मियों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। अधिकारियों के अनुसार, इमरान को टॉयलेट जाने की अनुमति दी गई। वह करीब 7-8 मिनट तक बाहर नहीं आया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर RPF कर्मियों ने दरवाजा खोला तो वह बेहोशी की हालत में मिला। उसे तत्काल सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया। करीब 12:54 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: भोपाल में महिला प्रधान आरक्षक के पति ने लगाई फांसी: पेड़ से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में CSMT GRP की ओर से फिलहाल Accidental/Unnatural Death Report (ADR/UD) दर्ज किए जाने की जानकारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जेजे अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। इमरान की मौत की वास्तविक वजह- मेडिकल कारण, चोट या हिरासत के दौरान हुई किसी घटना का पता पोस्टमार्टम और आगे की जांच से चलेगा। इसलिए फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
CCTV फुटेज CID के कब्जे में
जांच के दौरान CSMT स्टेशन और RPF कार्यालय के CCTV फुटेज सुरक्षित किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इमरान सुबह से CSMT परिसर में अलग-अलग स्थानों पर घूम रहा था और GRP कार्यालय तथा हेल्प डेस्क पर भी गया था। उसके पास पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं मिला था। हालांकि, उसके पास से दो सामान्य रेलवे टिकट मिले है। खंडवा-बुसावल का 18 सितंबर का टिकट और नासिक-दादर का 19 सितंबर का टिकट। उसकी पहचान और मुंबई आने से पहले और CSMT पहुंचने के बाद की गतिविधियों का पता लगाने के लिए उसकी तस्वीर भुसावल डिविजन और स्थानीय पुलिस को भी भेजी गई थी।
महाराष्ट्र CID करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब महाराष्ट्र CID को सौंप दी गई है। CID के कोंकण रेंज SP प्रशांत वाघुंडे ने जांच शुरू की है। CCTV फुटेज, RPF और GRP कर्मचारियों के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। आपको बता दें कि इमरान के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। फिलहाल CID की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि RPF पोस्ट पर पहुंचने से लेकर अस्पताल में मौत तक इमरान के साथ क्या-क्या हुआ और उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



