रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 08 में लंबे समय से संपत्तिकर की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आयुक्त, अपर आयुक्त, उपायुक्त और जोन आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार को संपत्तिकर बकायादारों को डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी करने के बाद भी भुगतान नहीं करने पर व्यावसायिक परिसरों के खिलाफ सीलबंदी एवं पुनर्मूल्यांकन की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 01 स्थित दो व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया। इनमें एक परिसर का संपत्तिकर बकाया 6 लाख 47 हजार 964 रुपए तथा दूसरे का 71 हजार 143 रुपए बताया गया है। दोनों परिसरों को ताला लगाकर सीलबंद किया गया।

इसी तरह पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक 02 स्थित प्रेमशील स्टील प्रो. संजय कुमार लूनिया के व्यावसायिक परिसर का पुनर्मूल्यांकन किया गया। यहां बकाया राशि 2 लाख 64 हजार 789 रुपए बताई गई, जिसे मौके पर जमा कराया गया। नगर निगम के अनुसार तीनों मामलों में कुल 9 लाख 83 हजार 896 रुपए की राशि से संबंधित कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई जोन क्रमांक 08 की जोन आयुक्त राजेश्वरी पटेल, सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल, राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा तथा संबंधित वार्ड के सहायक राजस्व निरीक्षकों नंदकुमार वैष्णव एवं चंदन रागड़े ने की।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H