सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Elections) की आहट के बीच निषाद पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. लखनऊ में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने मंडल पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक कर साफ संदेश दिया कि आगामी चुनाव कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मजबूत संगठन और जनता के भरोसे से जीता जाएगा.

शुक्रवार को विक्रमादित्य मार्ग पर आयोजित बैठक में डॉ. निषाद ने पदाधिकारियों से कहा कि हर बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाया जाए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ पार्टी की नीतियों को मछुआ, निषाद और वंचित समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए. उन्होंने सदस्यता अभियान तेज करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और लगातार जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए.

इसे भी पढ़ें : अब UP माफिया और दंगा मुक्त: 706 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात के बीच योगी का विपक्ष पर हमला

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई. डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को लगातार आगे बढ़ा रही है और यही पार्टी की सबसे बड़ी पहचान है. बैठक के बाद डॉ. संजय कुमार निषाद ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू जनजाति आयोग के गठन के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया. उन्होंने कहा कि दशकों से उपेक्षा झेल रहे इन समुदायों को सम्मान और अधिकार दिलाने की दिशा में यह फैसला मील का पत्थर साबित होगा.

निषाद ने कहा कि प्रदेश में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समुदायों की करीब 193 जातियां निवास करती हैं, जिन्हें अंग्रेजों के दौर में क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट जैसे काले कानून का दंश झेलना पड़ा. आज भी इन समुदायों को सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि निषाद, केवट, मल्लाह, बिंद, कहार, कश्यप, धीवर, धीमर और रैकवार जैसी मछुआ समुदाय की कई जातियां भी लंबे समय तक ऐतिहासिक उपेक्षा की शिकार रहीं. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पहली बार इन समाजों को सम्मान और न्याय दिलाने की दिशा में ठोस पहल हुई है.

इसे भी पढ़ें : लखनऊ में चंद्रशेखर आजाद का शक्ति प्रदर्शन, ‘बैलेट पेपर लाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे से गरमाई सियासत

निषाद ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जिन समुदायों की अनदेखी की, वर्तमान सरकार उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है. निषाद समाज और विमुक्त-घुमंतू समुदाय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करता है डॉ. संजय कुमार निषाद ने विश्वास जताया कि नया आयोग इन समुदायों के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगा और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में अहम साबित होगा.