कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा को लेकर आज शुक्रवार को प्रदर्शन का ऐलान सोशल मीडिया के जरिए किया गया था, लेकिन पूरा दिन शांति से बिना किसी प्रदर्शन के गुजर गया। हालांकि सोशल मीडिया पर किए गए प्रदर्शन के आह्वान को लेकर पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद नजर आई और काफी संख्या में फोर्स मूर्ति के पास तैनात रहा।
दरअसल, सम्राट मिहिर भोज प्रतिमा का यह विवाद गुर्जर समाज और क्षत्रिय समाज के बीच काफी लंबे समय से चल रहा है। सम्राट मिहिर भोज क्षत्रिय है या गुर्जर?, इस विवाद से जुड़ा मामला हाईकोर्ट की दहलीज पर विचाराधीन है। इस बीच कुछ लोगों की ओर से सम्राट मिहिर भोज के आसपास हाईकोर्ट के आदेश पर की गई बैरिकेडिंग को हटाने की मांग के साथ उन्हें मुक्त करने को लेकर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया गया था।
ये भी पढ़ें: कंटीले तारों में कैद सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा! ग्वालियर में फिर गरमाया विवाद, 25 सितंबर तक का अल्टीमेटम
सोशल मीडिया पर किए गए इस ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन एक्टिव था। जिसको देखते हुए सुबह से ही काफी संख्या में फोर्स चिरवाई नाका स्तिथ मूर्ति के आसपास तैनात किया गया। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से क्षत्रिय और गुर्जर समाज से की गई चर्चा के बाद सोशल मीडिया पर किया गया प्रदर्शन का आह्वान वापस ले लिया गया था। फिर भी पुलिस प्रशासन ने एहतियात बतौर फोर्स तैनात रखा। मौके पर मौजूद सुरक्षा प्रभारी टीआई एसएस कंसाना ने बताया कि मौके पर कोई भी प्रदर्शन करने नहीं आया। ऐसे में पूरा दिन शांति रही और फिलहाल एसपी के आदेश अनुसार आज सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


