दिल्ली के RML अस्पताल में रक्तदान को लेकर एक नई पहल शुरू की गई है। इस अभियान का नाम ‘रक्त सेतु’ (Rakt Setu) रखा गया है, जिसका उद्देश्य इमरजेंसी स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जब किसी मरीज को तुरंत ब्लड की जरूरत होगी, तो इस अभियान से जुड़े डोनर्स के नेटवर्क के जरिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इससे आपात स्थितियों में ब्लड सप्लाई प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इस पहल से जुड़ने के लिए इच्छुक रक्तदाताओं को पहले ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल aaosathchalen.org पर जाकर अपना विवरण दर्ज करना होगा।

क्या है यह योजना

इस व्यवस्था के अनुसार, किसी भी रक्तदाता को पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के बाद डोनर को इमरजेंसी जरूरतों के लिए सूची में शामिल किया जाता है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जैसे ही किसी मरीज को आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता होती है, सिस्टम के माध्यम से संबंधित रजिस्टर्ड डोनर्स से तत्काल संपर्क किया जाता है। इसके बाद इच्छुक रक्तदाता अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान कर सकते हैं।

कई बार अस्पतालों में रेयर ब्लड ग्रुप की उपलब्धता न होने के कारण मरीजों को समय पर रक्त नहीं मिल पाता, जिससे परिजनों को दूसरे ब्लड बैंक या डोनर की तलाश करनी पड़ती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के केंद्रीय अस्पताल में शुरू किए गए ‘रक्त सेतु’ अभियान के तहत रजिस्टर्ड रक्तदाताओं का एक डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इससे अस्पताल के पास अलग-अलग ब्लड ग्रुप के डोनर्स की सूची उपलब्ध रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, किसी आपात स्थिति में जरूरत पड़ने पर संबंधित ब्लड ग्रुप वाले डोनर से तुरंत संपर्क किया जा सकेगा और उन्हें अस्पताल बुलाया जा सकेगा। इससे खासकर रेयर ब्लड ग्रुप वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिल्ली प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे अभियानों में जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए समय पर रक्त उपलब्ध कराकर कई मरीजों की जान बचाई जा सकती है। विष्णु मित्तल ने यह भी बताया कि अभियान के तहत डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल के लिए एक विशेष इमरजेंसी ब्लड हेल्पलाइन भी शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों को तुरंत रक्त उपलब्ध कराना है।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर एक यूनिट रक्त मिलने से कई आपात स्थितियों में कम से कम चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ‘रक्त सेतु’ अभियान की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी मरीज की जान केवल ब्लड की कमी के कारण न जाए।

ब्लड डोनर के लिए हेल्पलाइन नंबर

दिल्ली के RML अस्पताल में शुरू किए गए ‘रक्त सेतु’ अभियान को आगे बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। इस पहल के तहत रक्तदाताओं और जरूरतमंद मरीजों के बीच त्वरित संपर्क स्थापित करने के लिए एक विशेष प्रणाली विकसित की गई है। अस्पताल में शुरू की गई हेल्पलाइन के माध्यम से लोग इस अभियान से जुड़ सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य आपात स्थिति में रक्त की उपलब्धता को तेज और आसान बनाना है। हेल्पलाइन मरीजों और रक्तदाताओं के बीच एक “सेतु” की तरह काम करेगी, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सकेगी। जितने अधिक लोग इस अभियान से जुड़ेंगे, उतनी ही प्रभावी तरीके से रक्त की कमी को पूरा किया जा सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m