पंचकूला: आज के डिजिटल युग में जहां बैंकिंग और निवेश बेहद आसान हो गए हैं, वहीं साइबर अपराधियों का जाल भी लगातार गहराता जा रहा है। इसका एक नया और खौफनाक मामला पंचकूला शहर से सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी के रिटायर्ड अकाउंट्स प्रोफेशनल (मैनेजर) परवीन कुमार अरोड़ा एक बेहद शातिर साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। ठगों ने उन्हें भारी-भरकम मुनाफे का ऐसा मायाजाल दिखाया कि उन्होंने अपनी जिंदगी भर की गाढ़ी कमाई से 16.20 लाख रुपये गंवा दिए।
सोशल मीडिया पर बिछाया गया था जाल
इस धोखाधड़ी की शुरुआत सोशल मीडिया के जरिए हुई। पीड़ित ने फेसबुक पर शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। इस पर पूछताछ करने के बाद ठगों ने उन्हें “H07-AXIS Elite Insights” नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप को पूरी तरह से एक नामी फाइनेंशियल फर्म ‘एक्सिस सिक्योरिटीज’ के नाम पर ऑपरेट किया जा रहा था, ताकि पीड़ित को कोई शक न हो।
‘फर्जी प्रोफेसर’ और 97 नकली मेंबर्स का मायाजाल
व्हाट्सएप ग्रुप के भीतर पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए एक सोची-समझी स्क्रिप्ट तैयार की गई थी। ग्रुप में एक शख्स खुद को एक्सिस सिक्योरिटीज का एमडी और सीईओ (प्रणव हरिदासन) बताकर निवेश की सलाह देता था। इतना ही नहीं, ग्रुप में मौजूद अन्य 97 सदस्य भी इसी गिरोह का हिस्सा थे। ये सभी नकली सदस्य हर रोज ग्रुप में भारी-भरकम मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर करते थे, जिससे पीड़ित को लगा कि यहां निवेश करना पूरी तरह सुरक्षित है। ठगों ने पीड़ित को 1200 प्रतिशत रिटर्न और स्पेशल ब्लॉक ट्रेड स्टॉक ट्रेडिंग का लालच देकर पूरी तरह अपने जाल में फंसा लिया।
फर्जी दस्तावेज और ऐप के जरिए लगाया चूना
जब पीड़ित निवेश के लिए तैयार हो गया, तो ठगों ने अनन्या मेहरा नाम की एक महिला के व्हाट्सएप नंबर से एक फर्जी ‘एक्सेप्टेंस लेटर’ भेजा। इसके बाद पीड़ित को प्ले स्टोर से बाहर का एक संदिग्ध ऐप डाउनलोड कराया गया और एक फर्जी वेबसाइट के जरिए उनका ‘फर्जी DMA अकाउंट’ खोल दिया गया।
पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने शुरुआत में उनके बैंक खाते में 1,14,500 रुपये का रिफंड भी भेजा, ताकि वे बिना किसी डर के बड़ी रकम लगा सकें। इसके बाद शातिरों ने फर्जी सेबी (SEBI) सर्टिफिकेट दिखाकर किश्तों में अलग-अलग फर्जी करंट खातों (जैसे राहुल एंटरप्राइजेज, जुनैद एंटरप्राइजेज, ग्लोब एंटरप्राइजेज, सन शाइन चैरिटेबल ट्रस्ट और वीआरपी एंटरप्राइजेज) में कुल 16,20,000 रुपये जमा करवा लिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
जब पीड़ित को अपने साथ हुई इस भारी धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत पुलिस में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से इस पूरे रैकेट की जांच में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

