अनमोल मिश्रा, सतना। सतना जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। रविवार रात अस्पताल में तैनात सफाईकर्मी के साथ एक अटेंडर और उसके साथी के मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सफाईकर्मी ने सिटी कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात एक युवक अस्पताल के वार्ड नंबर 5 में भर्ती बीमार युवती को देखने पहुंचा था। इसी दौरान सफाई कर्मी रोहित वार्ड में फैला कचरा उठाने पहुंचा और युवक से हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर युवक नाराज हो गया और विवाद करने लगा। आरोप है कि युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर सफाईकर्मी के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें: बात करने से नाराज पड़ोसियों ने युवक-युवती को दिया करंटः खेत में फेंका, इलाज के दौरान युवक ने नागपुर में तोड़ा दम, तीनों आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

मामले में एक अहम बात यह भी सामने आई है कि जिस युवती को देखने युवक अस्पताल पहुंचा था, उसने मारपीट करने वाले युवक को पहचानने से इनकार कर दिया है। इससे आरोपी की पहचान और उसके अस्पताल पहुंचने के कारण को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। सफाईकर्मी की शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। अस्पताल में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा के बीच हुई इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m