सतीश सिंह, लखनऊ. रक्षाबंधन पर्व से पहले प्रदेश की जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग की प्रवर्तन टीमों ने 25-26 अगस्त की मध्यरात्रि से भोर तक टोल नाकों, हाईवे और कनेक्टिंग रोड्स पर सघन रात्रिकालीन अभियान चलाया.

अभियान के दौरान कुल 97 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 28 वाहनों में संदिग्ध, मिलावटी या अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे गए खाद्य पदार्थ पाए गए. अधिकारियों ने मौके पर 35 नमूने जांच के लिए लिए गए. साथ ही लगभग 16.3 कुंतल खाद्य पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है, नष्ट करा दिए गए. इनमें पनीर, खोया, दूध, नमकीन और मिल्क केक जैसी मिठाइयां शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें : मिलावटखोरों सावधान! आगामी पर्वों से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, प्रदेशभर में दबिश जारी, कुछ जगहों पर महज खानापूर्ति

हाईवे की सप्लाई चेन पर कड़ी नजर

रक्षाबंधन पर मिठाई, खोया, पनीर और दूध की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग ने सिर्फ बाजारों तक सीमित न रहकर सप्लाई चेन के महत्वपूर्ण मार्गों पर निगरानी बढ़ाई है. टीमों ने वाहनों में रखे पदार्थों की स्वच्छता, भंडारण और परिवहन की स्थिति की जांच की. विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खोया, पनीर, दूध, मिठाई और नमकीन जैसे अधिक मांग वाले पदार्थों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. अभियान के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

जनपदवार हुई प्रमुख कार्रवाई

मथुरा : दिल्ली हाईवे पर एक वाहन से करीब 1200 किलो पनीर बरामद. लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का पनीर नष्ट कराया गया. एक नमूना लिया गया.

मेरठ : दो वाहनों से करीब 10 कुंतल खोया अस्वास्थ्यकर हालत में मिला. 3.30 लाख रुपये मूल्य का खोया नष्ट. दो नमूने लिए गए.

अयोध्या-गोरखपुर हाईवे : 3416 किलो नमकीन जब्त (अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये). चार नमूने लिए गए.

इसे भी पढ़ें : गंगा का बढ़ता पानी दे रहा खतरे का इशारा, प्रशासन अलर्ट, निचले इलाकों पर पैनी नजर

पिलखुआ-हापुड़ : दो वाहनों से 1670 किलो खोया मिला. करीब 35 हजार रुपये मूल्य का खोया नष्ट. पांच नमूने संग्रहित.

बागपत : दो वाहनों से 520 किलो खोया बरामद. 1.44 लाख रुपये मूल्य का खोया नष्ट.

अलीगढ़ : नोएडा मार्ग पर दूध टैंकर से करीब 7000 लीटर दूध (1.75 लाख रुपये) नष्ट. एक नमूना लिया गया.

कानपुर : रेलवे स्टेशन मार्ग पर 500 किलो अस्वास्थ्यकर खोया (1.75 लाख रुपये) नष्ट.

नोएडा-दिल्ली मार्ग : दो वाहनों से 185 किलो पनीर (2.75 लाख रुपये) नष्ट. रसायनों के प्रयोग की आशंका जताई गई.

गोरखपुर : अयोध्या-बस्ती मार्ग से आ रहे वाहन से 600 किलो मिल्क केक जैसी मिठाई (1.08 लाख रुपये) नष्ट. एक नमूना लिया गया.