रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. समाजवादी पार्टी छात्र सभा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद का मामला अब राजधानी लखनऊ पहुंच गया है. घटना को लेकर रायबरेली के समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रायबरेली की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए.
उन्होंने कहा, “रायबरेली में छात्रसभा का सदस्यता कार्यक्रम चल रहा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के गुंडों ने नहीं चलने दिया. प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अपमान किया, क्योंकि वे स्वजातीय लोगों को बढ़ावा देना चाहते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र सभा के कार्यक्रम में व्यवधान डाला गया और प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं किया.
इसे भी पढ़ें- योगी सरकार से मांग की है कि…SC-ST विद्यार्थियों की विशेष सीट व्यवस्था को लेकर चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान, जानिए ऐसा क्या कहा?
पुलिस पर सपा नेताओं की पिटाई का आरोप
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि रायबरेली स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुए विवाद के दौरान पुलिस ने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की. उनका कहना है कि पुलिस ने मामले को नियंत्रित करने के बजाय सपा कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर अभद्रता की और उनकी पिटाई की. सपा नेताओं ने अखिलेश यादव को कथित मारपीट से संबंधित घटनाक्रम की जानकारी देते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. नेताओं ने विशेष रूप से शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह समेत अन्य जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है.
घायल नेताओं से ली घटना की जानकारी
मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने रायबरेली के सपा नेताओं और घायल कार्यकर्ताओं से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. उन्होंने विवाद के कारणों, पुलिस की कार्रवाई और एसपी कार्यालय में हुई घटना के दौरान सामने आई परिस्थितियों के बारे में नेताओं से विस्तार से चर्चा की. सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है और उनके साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराने की मांग की.
इसे भी पढ़ें- जीवनसाथी बनी जी की जंजाल! किसी बात को लेकर हसबेंड-वाइफ में हुआ झगड़ा, फिर पत्नी ने जो किया जानकर रह जाएंगे हैरान
जिला प्रशासन और सरकार पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्र और पार्टी कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम को रोकना तथा उनके साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार करना उचित नहीं है.
उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि रायबरेली की घटना को पार्टी गंभीरता से ले रही है.



