लखनऊ में आयोजित यूपी पीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज 24 घंटे अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराएगा. रेलवे ने भी मुरादाबाद, गोरखपुर और बरेली सहित विभिन्न मार्गों पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का कार्यक्रम तय किया है.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के लिए लखनऊ में परीक्षार्थियों की आवाजाही आसान बनाने के उद्देश्य से रोडवेज और रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. रोडवेज प्रशासन अतिरिक्त बसें चलाएगा, जबकि रेलवे ने मुरादाबाद, गोरखपुर और बरेली समेत अलग-अलग मार्गों पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का कार्यक्रम तय किया है.
24 घंटे उपलब्ध रहेंगी बसें
अवध बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएस वर्मा को परीक्षार्थियों के लिए परिवहन व्यवस्था का नोडल अधिकारी बनाया गया है. उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश के आठ शहरों और बिहार से करीब 10 हजार परीक्षार्थियों के लखनऊ पहुंचने की संभावना है.
परीक्षार्थियों की संख्या और मार्गों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से 24 घंटे बसें उपलब्ध रहेंगी. इनमें एसी जनरथ बसें भी शामिल होंगी, जिनकी सीटें ऑनलाइन बुक की जा सकेंगी. इसके अलावा विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त साधारण बसों का भी संचालन होगा.
मुरादाबाद के लिए स्पेशल ट्रेनें
रेलवे मुरादाबाद और लखनऊ के बीच 04322/04321 स्पेशल ट्रेन का संचालन 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को करेगा. इस ट्रेन में 13 कोच होंगे.
ट्रेन संख्या 04322 मुरादाबाद से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और बालामऊ के रास्ते शाम 6:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 04321 लखनऊ से शाम 7 बजे चलेगी और निर्धारित स्टेशनों से होते हुए रात 1:50 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी.
इसी मार्ग पर ट्रेन संख्या 04324 मुरादाबाद से शाम 6:55 बजे रवाना होकर रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और बालामऊ के रास्ते रात 12:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 04323 लखनऊ से रात 1:35 बजे रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों से गुजरते हुए सुबह 8 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी.
गोरखपुर से लखनऊ के लिए ट्रेन
ट्रेन संख्या 05007 गोरखपुर-लखनऊ स्पेशल शनिवार रात 8:35 बजे गोरखपुर से रवाना की गई. यह ट्रेन आनंदनगर, सिद्धार्थनगर, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर, गोंडा, करनैलगंज, बुढ़वल और बाराबंकी होते हुए रात 3:48 बजे बादशाहनगर तथा सुबह 4:45 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 05008 लखनऊ-गोरखपुर स्पेशल 25 अक्टूबर और 1 नवंबर को लखनऊ जंक्शन से रात 8:55 बजे चलेगी. यह रात 9:28 बजे बादशाहनगर पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
लखनऊ-बरेली मार्ग पर भी सुविधा
ट्रेन संख्या 05011 लखनऊ जंक्शन-बरेली जंक्शन स्पेशल 29 और 31 अक्टूबर को चलेगी. यह लखनऊ जंक्शन से रात 11:35 बजे, ऐशबाग से 11:52 बजे और मोहिबुल्लापुर से रात 12:07 बजे रवाना होगी.
इसके बाद ट्रेन सिधौली, सीतापुर, हरगांव, लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा और इज्जतनगर होते हुए बरेली सिटी के रास्ते बरेली जंक्शन पहुंचेगी. निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, इसका बरेली जंक्शन पहुंचने का समय रात पौने आठ बजे बताया गया है.
वापसी में ट्रेन संख्या 05012 बरेली जंक्शन-लखनऊ जंक्शन स्पेशल 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को शाम 6 बजे बरेली से रवाना होगी. यह रात 1:47 बजे मोहिबुल्लापुर और 2:42 बजे ऐशबाग पहुंचेगी, जबकि लखनऊ जंक्शन पहुंचने का समय रात 3 बजे निर्धारित है. रेलवे के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों में जनरल श्रेणी के 10 कोच होंगे.

