नरेश शर्मा, रायगढ़/ सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में लगातार मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। ताजा अपडेट के मुताबिक, रायगढ़ के ओपी फोर्टिस जिंदल अस्पताल में इलाज के दौरान 3 और मजदूरों की मौत हो गई, जिसके बाद अब मृतकों की संख्या बढ़कर 13 पहुंच गई है। मृतकों में ज्यादातर मजदूर पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं। इसकी जानकारी हादसे में बचे एक मजदूर ने दी है। वहीं सीएम साय ने मुआवजे की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

बताया जा रहा है कि अब तक 9 मजदूरों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो चुकी है, जबकि 26 से अधिक घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई मजदूरों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

परिजनों का हंगामा

घटना के बाद प्लांट के बाहर परिजनों और मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एम्बुलेंस को रोकते हुए घायलों को दिखाने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

परिजनों का आरोप है कि उन्हें न तो मृतकों के पास जाने दिया जा रहा है और न ही सही जानकारी दी जा रही है। उन्होंने मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।

मुख्यमंत्री साय ने की मुआवजे की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घोषणा की कि मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके। सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।

कमिश्नर को घटना की जांच के निर्देश

इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने बिलासपुर के कमिश्नर को घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार पूरे मामले पर सतत निगरानी रखे हुए है और प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हादसे पर गहरा दुःख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल अलर्ट पर रहने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ सहित आसपास के जिलों के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त एम्बुलेंस और मेडिकल संसाधन भी भेजे गए हैं।

हादसे में घायल मजदूरों की सूची

रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस और बालाजी मेट्रो अस्पताल में भर्ती मजदूर

  1. मानस गिरी
  2. कार्तिक महतो
  3. ब्रजेश कुमार
  4. केशव चंद्रा
  5. भुवनेश्वर चंद्रा
  6. अभिषेक चंद्रा,
  7. नदीम अंसारी
  8. मिलन वारे
  9. संदीप
  10. शिवनाथ मुरमु

बालीजी मेट्रो अस्पताल में भर्ती मजदूर

  1. बनवाली लाल बरेठ
  2. उपेन्द्र
  3. परदेशी लाल चंद्रा