विदेश में रहने वाले भारतीयों पर लगातार हमले दर्ज किए जा रहे हैं. इस बीच अब कनाडा स्थित गुजरात की एक और बेटी की हत्या की खबर सामने आई है. गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली 22 वर्षीय विधि मेघा की कनाडा में चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद विधि का परिवार गहरे सदमे में चला गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है. बताया जा रहा है कि विधि पिछले चार वर्षों से कनाडा के नियाग्रा इलाके में रहकर लॉ की पढ़ाई कर रही थी. वह पढ़ाई के साथ-साथ वहां अपने खर्चों को निकालने के लिए नौकरी भी करती थी. इसके अलावा वह कनाडा में स्थायी निवास यानी पीआर की तैयारी भी कर रही थी.
15 मई को परिवार से टूट गया संपर्क
जानकारी के मुताबिक, विधि 15 मई को अपने घर से बाहर निकली थी. इसी दौरान उस पर हमला हुआ. बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने दिनदहाड़े उस पर चाकू से हमला कर दिया. शुरुआती जानकारी में लूटपाट के इरादे से हमला किए जाने की बात भी सामने आ रही है. हमला इतना खतरनाक था कि विधि गंभीर रूप से घायल हो गई.
लॉ की पढ़ाई के साथ नौकरी भी कर रही थी विधि
विधि का पूरा परिवार गुजरात के बोरसद में रहता है. परिवार के लोगों ने बताया कि 16 मई से उनका विधि से संपर्क नहीं हो पा रहा था. इसके बाद उन्होंने उसके दोस्तों और आसपास के लोगों से संपर्क किया. परिवार को सिर्फ इतना पता चला कि वह घर से बाहर गई हुई है. बाद में विदेश मंत्रालय से जानकारी मिलने के बाद पुलिस विधि के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. तभी परिवार को पता चला कि उनकी बेटी की हत्या हो चुकी है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं इस घटना के बाद से विधि के परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है और लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर विधि की हत्या क्यों की गई.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

